देहरादून DAV कॉलेज शो में गाली-गलौज का आरोप, हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पर केस दर्ज
- By Gaurav --
- Tuesday, 14 Apr, 2026
Haryanvi Singer Masoom Sharma Booked
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तराखंड के देहरादून स्थित डीएवी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित तौर पर अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल करने के आरोप में उनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
डालनवाला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 352, 79 और 351(3) के तहत यह कार्रवाई की है। यह केस छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान सिंगर द्वारा आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल की शिकायत मिली थी। मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके चलते कानूनी कार्रवाई की गई। इससे पहले पुलिस ने मासूम शर्मा को 15 दिन के भीतर जवाब देने का नोटिस भी जारी किया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर केस दर्ज कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को आयोजित इस लाइव शो में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान कथित अभद्र टिप्पणी के बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा हो गया और छात्रों में नाराजगी फैल गई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।