पर्यावरण सुधार के अध्ययन के लिए जापान ने भारत के तीन छात्रों का किया चयन

Japan has selected three students from India

Japan has selected three students from India

डायकी एक्सिस इंडिया की अनूठी पहल, राष्ट्रीय फाइनल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया सम्मानित

दिल्ली/फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में जापान की भारत आधारित कंपनी डायकी एक्सिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने एक सराहनीय पहल करते हुए भारत के तीन प्रतिभाशाली छात्रों का जापान अध्ययन दौरे के लिए चयन किया है। ये छात्र जापान में पर्यावरण सुधार और अपशिष्ट जल प्रबंधन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का अध्ययन करेंगे, जिससे भविष्य में भारत में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Japan has selected three students from India

दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में  DIAL 2025-26 के तहत राष्ट्रीय फाइनल में जापान अध्ययन दौरे के लिए चयनित तीन छात्रों को केंद्रीय ऊर्जा तथा शहरी एवं आवास मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने  ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रतियोगिता के अन्य तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं टैबलेट देकर सम्मानित किया गया।

डायकी एक्सिस इंडिया द्वारा शुरू किए गए DIAL (Daiki Axis India Leadership) प्रोजेक्ट का उद्देश्य विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को पर्यावरणीय चुनौतियों को समझने, विकसित देशों के अनुभवों से सीखने, नवाचार आधारित समाधान तैयार करने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक कार्ययोजनाएं विकसित करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे "विकसित भारत @2047" के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दे सकें।

Japan has selected three students from India

इस वर्ष देशभर के 70 से अधिक कॉलेजों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने इस परियोजना में भाग लिया। प्रतिभागियों को छह माह तक शोध, मेंटरशिप, वित्तीय सहयोग तथा तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया, जिसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया।

राष्ट्रीय फाइनल में तकनीकी, पर्यावरण और वित्तीय पृष्ठभूमि के 15 उत्कृष्ट छात्रों ने अपने शोध एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। इनके विषयों में जल अपशिष्ट पुनर्चक्रण, प्रदूषित नदियों का संरक्षण, बड़े पैमाने पर पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम तथा Johkasou तकनीक के माध्यम से विकेंद्रीकृत स्तर पर अपशिष्ट जल के उपचार एवं पुनर्चक्रण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

डायकी एक्सिस के चेयरमैन हिरोकी ओगामे (Hiroki Ogame) ने कहा कि भारत के युवा अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार के बल पर विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता भारत के भविष्य को सबसे अधिक प्रभावित करने वाले विषय हैं तथा DIAL कार्यक्रम युवाओं और पर्यावरण के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने का माध्यम है।

इस अवसर पर डायकी एक्सिस इंडिया के प्रबंध निदेशक रियो वाज़ा (Rio Waza), मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल तिवारी तथा एडवाइजर एवं बोर्ड सदस्य के.सी. पांडे भी उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों की जूरी ने किया चयन
प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की जूरी ने किया, जिसमें सेवानिवृत्त आईएएस जी.पी. उपाध्याय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया की प्रोफेसर डॉ. दिव्या अग्रवाल, डीआरडीओ के वैज्ञानिक डॉ. ए.के. गोयल, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सदस्य शलभ कुमार तथा राइट्स इंडिया के डॉ. बी. भल्ला शामिल थे।

जापान अध्ययन दौरे के लिए चयनित विद्यार्थी

  1. अमन पचौरी – आईआईटी मंडी
  2. छाया रेड्डी – एसआईआईबी, पुणे
  3. याशीर हामिद – आईआईटी रुड़की