हरियाणा की डायरी: भाजपा का नया लकी चार्म
Haryana Diary
प्रस्तुतिः- चंद्रशेखर धरणी
वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार
-=-==-
भाजपा का नया लकी चार्म
हरियाणा के बाद दिल्ली तथा अब बिहार विधानसभा में भाजपा को मिली जीत में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की भूमिका अहम है। नायब सैनी ने हाईकमान के निर्देशानुसार बिहार चुनाव में कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया और व्यक्तिगत जनसंपर्क कार्यक्रम भी किए। मुख्यमंत्री नायब सैनी के प्रचार की खास बात यह रही कि उन्होंने बिहार में कई जगह लोगों ने उनके लहजे में संवाद किया और खुद को बिहार वासियों के साथ जोडऩे का प्रयास किया। नाबय सैनी ने बिहार में चुनाव के दौरान जिला भोजपुर में अराह, तराड़ी, रोहतास जिले में डेहरी, गया में वजीरगंज, गौरा, औरंगाबाद जिले में गोह, वेस्ट चंपारण जिले में बगाहा तथा ईस्म चंपारण जिले में रामनगर सीटों पर चुनाव प्रचार किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में करीब एक माह तक हरियाणा नेताओं की बड़ी टीम बिहार चुनाव प्रचार में डटी रही। प्रचार के दौरान कई अवसर ऐसे भी आए जब मुख्यमंत्री ने हरियाणा को भी पूरा समय दिया और बिहार में पार्टी द्वारा लगाई गई डयूटी को निभाया। हरियाणा भाजपा की एक टीम जहां बिहार में मोर्चा संभाले हुए थी वहीं एक टीम ने हरियाणा में बिहारी मूल के मतदाताओं के साथ लगातार जनसंपर्क किया। हरियाणा से बिहार में वोट डालने के मतदाताओं को प्रोत्साहित करके विशेष ट्रेनों से बिहार भेजा गया। पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम आदि शहरों में बिहारी मतदाताओं को उनके मूल क्षेत्रों में रवाना करने के बाद बकायदा कार्यक्रमों का आयोजन करके इस बात का अहसास दिलाया गया कि वह भले ही अपने घर से दूर हैं लेकिन लोकतंत्र के इस पर्व में उन्हें भागीदार बनाने के लिए भाजपा के प्रत्येक नेता व कार्यकर्ता एकजुट है।
-=-=-=-=-==
मुख्यमंत्री ने खुद को बताया था बिहारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान लोगों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें बताया कि हरियाणा सरकार न केवल प्रवासियों की सुविधा के लिए काम कर रही है बल्कि प्रवासी के पर्व भी अब सरकार द्वारा मनाए जा रहे हैं। छठ पूजा का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने एक जनसभा में कहा कि अब तो उन्हें भी लगने लगा है कि वह भी बिहार हैं। सीएम की इस बात को बिहार की जनता ने जहां सहर्ष स्वीकार किया वहीं हरियाणा में विपक्ष ने मुद्दा बनाने का प्रयास किया लेकिन विफल हो गया। बिहार से पहले दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री नायब सैनी की भूमिका काफी अहम रही थी। हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत आदि जिलों से सटी दिल्ली की विधानसभा सीटों पर प्रचार की कमान नायब सैनी के हाथों में थी। दिल्ली में नायब सैनी से इस ढंग से प्रचार किया था कि जैसे वह खुद चुनाव लड़ रहे हों। परिणाम स्वरूप बिहार की तरह दिल्ली में भी नायब सैनी के नेतृत्व वाली सीटों पर न केवल भाजपा को जीत मिली बल्कि भाजपा ने सरकार भी बनाई।
----=-===
बिहार में भी छाई रही हरियाणा की जलेबी की
हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान गोहाना की जलेबी खासी चर्चा में रही। हरियाणा में प्रचार के दौरान भाजपा नेताओं ने कई जगह जलेबियां भी बनाई। इसके बाद दिल्ली के चुनाव में भी हरियाणा की जलेबी का जलवा रहा। भाजपा के चुनाव जीतने के बाद दिल्ली में हरियाणा की जलेबी बांटी गई। अब बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के कई नेताओं ने हरियाणा की जलेबी की चर्चा जनता में की। गोहाना की जलेबी दिल्ली से होते हुए अब बिहार पहुंच गई है। हरियाणा में तीसरी बार कमल खिलाने के बाद पहले दिल्ली और अब बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार की कमान संभालने वाले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का कद पार्टी में लगातार मजबूत हो रहा है। सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बिठाकर चल रहे नायब सैनी ने यह साबित कर दिया है कि हरियाणा ही नहीं पड़ोसी राज्यों में भी उनकी स्वीकारता बढ़ी है। बिहार चुनाव परिणाम से हाईकमान की नजरों में नायब सैनी का सम्मान और अधिक बढ़ गया है।
-=-=-=-=
म्हारा हरियाणा बना ‘टॉप अचीवर’
आजकल पूरे देश में ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस की खूब चर्चा हो रही है। दिल्ली के नजदीक होने के कारण हरियाणा में इसकी कुछ ज्यादा ही चर्चा रहती है। हरियाणा सरकार भी ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस को बढ़ावा देने के लिए कईं प्रकार की योजनाएं चला रही है। प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास सफल हो रहे हैं। यहीं कारण है कि भारतीय उद्योग और वाणिज्य मंत्रालय द्वारा आयोजित “उद्योग समागम-2025” में हरियाणा को ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस के तहत ‘टॉप अचीवर’ राज्य के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान बिज़नेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान (BRAP) 2024 में तीन प्रमुख सुधार क्षेत्रों — बिज़नेस एंट्री, लैंड एडमिनिस्ट्रेशन और सेक्टर स्पेसिफिक हेल्थकेयर — में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर दिया गया। देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 25 सुधार क्षेत्रों में किए गए प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रियों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने सुधार कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया और शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों को सम्मानित किया। बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान (BRAP 202) का मूल्यांकन 434 रिफॉर्म पॉइंट्स पर आधारित था। यह देश में अब तक की सबसे बड़ी फीडबैक आधारित प्रक्रिया थी, जिसमें 5.8 लाख व्यवसायों से फीडबैक लिया गया तथा 1.3 लाख से अधिक विस्तृत इंटरव्यू किए गए। मूल्यांकन प्रक्रिया में 70% उपयोगकर्ता फ़ीडबैक पर और 30% साक्ष्यों के सत्यापन पर दिया गया, जिससे रैंकिंग पूर्णतः पारदर्शी और वास्तविक बनी रही।
---=-==
सच हुई बाबा की भविष्यवाणी !
हरियाणा की राजनीति में बाबा और गब्बर जैसे नामों से प्रसिद्ध हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की भविष्यवाणी एक बार फिर से सच साबित हुई है। दअरसल, अनिल विज ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी जीत की भविष्यवाणी की थी, जो सच साबित हुई है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जश्न भी मनाया। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कैथल में भाजपा "कपिल कमल" कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भांगड़ा डाल जमकर मनाया जीत का जश्न। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मौके पर जोरदार आतिशबाजी भी हुई। और सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बता दें कि इससे पहले विज ने हरियाणा के विधानसभा चुनाव के परिणामों की भविष्यवाणी करते हुए प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा किया था, जोकि सच साबित हुआ था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के विधानसभा चुनाव को लेकर भी इसी प्रकार की भविष्यवाणी की थी, जो सच साबित हुई थी और अब बिहार चुनाव पर भी उनकी भविष्यवाणी सच साबित हुई है।
-=-=-==
सख्ती का असर, बढ़ने लगी लाडो
गिरते लिंगानुपात को बचाने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों का असर दिखने लगा है। अब राज्य में लाडो की संख्या बढ़ने लगी है। 2024 में जन्म के समय हरियाणा में लिंगानुपात 916 से गिरकर 910 पहुंच गया था। जो पिछले आठ साल में सबसे कम दर्ज किया गया था। राज्य के 15 जिलों के जन्म के समय लिंगानुपात में वृद्धि दर्ज की गई है। जबकि दो शहरों का लिंगानुपात न बढ़ा और न ही कम हुआ, जबकि पांच शहरों में फिलहाल कोई प्रगति नहीं दिखाई दे रही है। हरियाणा सरकार के मुताबिक जनवरी से लेकर अक्तूबर 2025 तक यानी दस महीने में एक हजार लड़कों पर 913 लड़कियां दर्ज की गई हैं। पिछले साल इसी अवधि में लिंगानुपात 905 दर्ज किया गया था। पूरे आठ अंक का सुधार दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आगामी दो महीने भी इसी तरह की गति रही तो पिछले साल के मुकाबले इस बार सुधार देखने को मिल सकता है। 2024 में लिंगानुपात गिरने पर हरियाणा सरकार की मुहिम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को बड़ा झटका लगा। सरकार ने इसे गंभीरता से लिया और स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल की अध्यक्षता में एक विशेष टास्क फोर्स गठित कर सख्त कार्रवाई शुरू की। जिन जिलों में फिलहाल सुधार नहीं है, वहां राज्य सरकार का विशेष फोकस है।
-=-=--==
'ऑपरेशन ट्रैक डाउन' में अपराधियों में बढ़ा पुलिस का खौफ !
हरियाणा में पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के निर्देश पर 'ऑपरेशन ट्रैक डाउन' चलाया गया, जिसके तहत 1631 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 319 कुख्यात बदमाश शामिल हैं। अंबाला पुलिस ने ईरानी गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया, जो चोरी और ठगी में शामिल थे। डबवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया और हेरोइन बरामद की। दावा है कि 'ऑपरेशन ट्रैक डाउन' न केवल राज्य में अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त कर रहा है। हरियाणा के विभिन्न जिलों अंबाला, पलवल, सिरसा (डबवाली) और यमुनानगर में हाल ही में की गई पुलिस कार्रवाई इस मुहिम की व्यापक सफलता की तरफ इशारा कर रही हैं।
---==-==
इब विदेश मै खेती करैंगे म्हारे किसान
देश को अऩ्न देने वाले प्रमुख राज्यों में शुमार म्हारे हरियाणा के किसान इब जल्द ही विदेश में भी खेती करते नजर आएंगे। हाल ही में हरियाणा सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल केन्या दौरे पर गया था। प्रतिनिधिमंडल के वापस आने पर सूबे के बड़े साहब यानि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनके साथ विस्तार के साथ मंत्रणा की। इसे हरियाणा सरकार की किसानों के प्रति सकारात्मक व दूरदर्शी सोच ही कहेंगे, जिसके चलते हरियाणा के किसानों के लिए अब विदेशों में खेती के नये रास्ते खुल रहे हैं। राज्य के प्रतिनिधिमंडल के केन्या दौरे से राज्य की कृषि को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी और किसानों के लिए निवेश व निर्यात के नये अवसर बनेंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केन्या सरकार के साथ कृषि सहयोग को मजबूत किया जाए और करीब एक लाख हेक्टेयर भूमि पर हरियाणा के किसानों द्वारा खेती के लिए समझौते की संभावनाओं पर ठोस प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान मेहनती और तकनीकी रूप से सक्षम हैं, जो विदेशों में भी अपनी कृषि विशेषज्ञता दिखाने के लिए तैयार हैं। वैस भी केन्या की जलवायु और मिट्टी भारतीय फसलों के अनुकूल है, जिससे वहां खेती की बड़ी संभावनाएं हैं। सरकार का दावा है कि विदेशों में खेती करने के इच्छुक किसानों को तकनीकी, अनुसंधान और प्रशिक्षण से जुड़ी हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
----=-=
गुरु से भी आगे निकल गया चेला !
हरियाणा के मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का शिष्य कहा जाता है। इसके कईं प्रमाण भी सामने आए हैं। इतना ही नहीं खुद मुख्यमंत्री सैनी भी इस बात को स्वीकार कर चुके हैं। एक काबिल शिष्य होने के साथ नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री पद ग्रहण करने के बाद से हरियाणवीं होने का फर्ज भी बखूबी निभा रहे हैं। मनोहर लाल के अधूरे छोड़े कार्यों को पूरा करने के साथ नायब सिंह सैनी लगातार प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने के काम में लगे हुए है। इसके चलते उन्होंने कईं महत्वपूर्ण फैसले भी लिए हैं। हरियाणा दिवस के मौके पर लाडली योजना के तहत महिलाओं के खाते में 2100 रुपए महीना देने की शुऱूआत करने के साथ ही प्रदेश में सबसे अधिक भ्रष्टाचार के आरोप लगने वाले तहसील विभाग का ऑनलाइन करके मुख्यमंत्री नायब सैनी ने साबित कर दिया कि वह अपने गुरु और पार्टी के सपने यानि जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रदेश में हर हाल में लागू करके रहेंगे। इसके साथ ही महिलाओं के खाते में 2100 रुपए महीना राशि देने की शुरूआत कर नायब सैनी ने दिखा दिया कि उनकी पार्टी और सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है। हालांकि उनके इस फैसले से पड़ोसी राज्यों की सरकारों के सामने जरूर दिक्त पेश हो सकती है, क्योंकि वह अब तक अपने राज्यों में महिलाओं को देने वाली राशि की घोषणा को अमलीजामा नही पहना पाए हैं।