Haryana Super-100 Felicitation

हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, CM सैनी ने की 25 नए केंद्र और 100 कंप्यूटर देने की घोषणा

hrcm

Haryana Super-100 Felicitation

हरियाणा के मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों के सम्मान में आयोजित हरियाणा सुपर-100 अभिनंदन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। दोनों नेताओं ने विद्यार्थियों की सफलता को हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2015 में सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार के उद्देश्य से "मेरिट को मिशन" बनाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता तथा योग्यता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिसके तहत 'बिना खर्ची, बिना पर्ची' के सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था लागू की गई।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में योग्यता के आधार पर 18,218 सरकारी नौकरियां दी गईं। साथ ही, हरियाणा सरकार और नवीन मिश्रा के सहयोग से शुरू की गई सुपर-100 योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी उपलब्ध कराना था।

मनोहर लाल ने कहा कि इस योजना के अब तक सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और 534 विद्यार्थियों ने आईआईटी एवं नीट जैसी कठिन परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यही युवा भविष्य के वैज्ञानिक, इंजीनियर, चिकित्सक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सुपर-100 के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और संकल्प से यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि आईआईटी-जेईई जैसी कठिन परीक्षा में सफलता यह दर्शाती है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार प्रयास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बेटियों की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और सुपर-100 योजना में भी उन्होंने प्रेरणादायक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सफलता का विश्वास पैदा किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में तकनीकी रूप से दक्ष और नवाचार करने वाले युवाओं की अहम भूमिका होगी। विद्यार्थियों से उन्होंने देश निर्माण में अपनी प्रतिभा का योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने 'की बुनियाद' योजना के तहत संचालित 103 केंद्रों के साथ 25 नए केंद्र जोड़ने तथा कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 सेंटर के लिए 100 नए कंप्यूटर उपलब्ध कराने की घोषणा की, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।

कार्यक्रम में सफल विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में उत्साह, गर्व और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला।