हरियाणा में यात्रियों से भरी बस-ट्रक में भीषण टक्कर; दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर हादसा, पंजाब से आ रही थी, मची अफरा-तफरी
Haryana Sonipat Bus-Truck Collided on Delhi-Chandigarh National Highway
Haryana Bus Accident: हरियाणा में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सोनीपत में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी एक निजी बस और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। जिसमें बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में बाद के कंडक्टर की मौत हो गई है। जबकि ड्राइवर और कई यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के बाद यात्री सीटों के बीच काफी देर फंसे रहे। जिन्हें खिड़की से बाहर निकाला गया। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
खड़े ट्रक में पीछे से आ घुसी बस
मिली जानकारी के अनुसार, यह बस शुक्रवार की देर रात अमृतसर से यात्रियों को लेकर चली थी और वहां से दिल्ली आ रही थी। जिस वक्त हादसा हुआ, उस दौरान बस काफी तेज रफ्तार में थी। तेज रफ्तार में होने के कारण अचानक बस कंट्रोल नहीं हो पाई और हाईवे पर खराब खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अगले हिस्से के परख्च्चे उड़ गए। साथ ही बस के कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और कई यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
इधर हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस की कोशिश रही कि बस के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। बताया जाता है कि हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया था। पुलिस ने जाम की स्थिति भी सामान्य की। बस को क्रेन के माध्यम से नेशनल हाईवे से हटाया गया। वहीं पुलिस हादसे को लेकर आगामी जांच और कार्रवाई कर रही है।