हिसार में हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल, 300 बसों का संचालन प्रभावित
- By Gaurav --
- Friday, 10 Jul, 2026
Haryana Roadways Staff Begin
हिसार: हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों का आंदोलन अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। लंबित वित्तीय लाभों और अन्य मांगों को लेकर हिसार डिपो के कर्मचारियों ने शुक्रवार से दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते डिपो की करीब 250 से 300 बसों का संचालन प्रभावित हुआ है।
हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो में कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों को लेकर जारी आंदोलन शुक्रवार को 57वें दिन में प्रवेश कर गया। इसी क्रम में कर्मचारियों ने डिपो में चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लंबित वित्तीय लाभ, मेडिकल भत्ता, महंगाई भत्ता (DA), रात्रि ठहराव भत्ता तथा अन्य बकाया देयकों का जल्द भुगतान शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले महाप्रबंधक के खिलाफ धरना लगातार जारी है। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
महासंघ के नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष केवल वर्तमान कर्मचारियों का नहीं, बल्कि पूरे कर्मचारी वर्ग के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को पूरे हरियाणा में तेज किया जाएगा और राज्यव्यापी चक्का जाम का निर्णय भी लिया जा सकता है।
इस बीच, संयुक्त साझा मोर्चा के नेता भी कर्मचारियों के समर्थन में हिसार पहुंचे और आंदोलन में भाग लिया। कर्मचारियों ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।