जींद सड़क हादसा: स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में पलटी हरियाणा रोडवेज की बस, 20 यात्री घायल
Haryana Roadways Bus Overturns While
जींद। Jind Road Acciden: सोमवार को दोपहर 12 बजे के आसपास हरियाणा रोडवेज की एक बस नरवाना के हरियल चौक पर स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में पलट गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, इनमें से 20 के आसपास यात्रियों को चोटें आई हैं।
कुछ यात्रियों को बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। यह बस किलोमीटर स्कीम की थी और पंचकूला से हिसार जा रही थी। बस हरियल रेस्ट हाउस की दीवार तोड़ते हुए अंदर तक जा घुसी।
स्कूटी को बचाने में हुआ हादसा
आसपास के लोगों ने तुरंत घायल यात्रियों को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी पूर्णदास मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को ज्यादा चोट नहीं आई हैं। उन्होंने कहा कि बस पंचकूला से हिसार की तरफ जा रही थी। जब यह बस हरियल चौक के पास पहुंची तो बस के सामने एक स्कूटी सवार बुजुर्ग आ गया।
बस चालक ने स्कूटी सवार को बचाने की कोशिश की जिससे बस डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद यह बस लिंक रोड को पार करते हुए हरियल रेस्ट हाउस की दीवार में घुस गई और पलट गई। थाना प्रभारी ने बताया कि बस चालक को कुछ ज्यादा चोट है, बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं। उनको मामूली चोटें आई हैं।