Rajya Sabha Election 2026: BJP का दावा; हरियाणा की दोनों राज्यसभा सीटें जीतेंगे; वोटिंग जारी, अनिल विज व्हीलचेयर पर पहुंचे

BJP का दावा; हरियाणा की दोनों राज्यसभा सीटें जीतेंगे; वोटिंग जारी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज व्हीलचेयर पर पहुंचे, 'खेला होगा' पर ये कहा

Haryana Rajya Sabha Election 2026 BJP vs Congress Cross Voting

Haryana Rajya Sabha Election 2026 BJP vs Congress Cross Voting

Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए आज देश के 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए वोटिंग जारी है। इस कड़ी में हरियाणा में 2 राज्यसभा सीटों पर वोटिंग की जा रही है। इसी बीच बीजेपी दोनों ही सीटों पर जीत को लेकर आश्वस्त दिख रही है। बीजेपी की तरफ से लगातार दावा किया जा रहा है कि हरियाणा की दोनों राज्यसभा सीटों पर उसकी जीत होगी।

यानि एक सीट पर बीजेपी उम्मीदवार संजय भाटिया का जीतना तय बताया गया और दूसरी सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल, जिसे बीजेपी समर्थन दे रही है। वैसे नांदल बीजेपी के ही नेता हैं। मतलब चुनाव में 'खेला होने' की तस्वीर दिख सकती है। लेकिन खेल होगा या फिर मामला फेल होगा? यह तो रिजल्ट के वक्त ही पता चलेगा। हालांकि दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि एक सीट पर तो कांग्रेस ही जीतेगी और हमारे 37 के 37 विधायक कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेंगे।

अनिल विज व्हीलचेयर पर वोट डालने पहुंचे

दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने के बावजूद कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने व्हीलचेयर के सहारे अपना वोट राज्यसभा चुनाव में डाला है। विज ने कहा, मतदान बेहद जरूरी है और यह मतदान तो पार्टी के लिए है। इसलिए मैं व्हीलचेयर क्या अगर स्ट्रेचर भी होता तो भी जरूर आता। इस बीच जब मीडिया की तरफ से विज से सवाल किया गया कि 'निर्दलीय उम्मीदवार की जीत के लिए सस्पेंस बना हुआ है आपको लगता है कि कांग्रेस से कोई क्रॉस वोट होगा या कोई खेला होगा?' इस पर विज ने गोल-मोल जवाब में कहा कि 'इंतजार करो, सब कुछ पता लगेगा'। वहीं जब विज से पूछा गया कि 'कांग्रेस अपने विधायकों को हिमाचल ले गई थी, इस पर आप क्या कहेंगे?'

इस पर विज ने कहा कि 'कांग्रेस को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है और विधायकों को बंधक बनाने जैसा काम किया जा रहा है।' जब विज से कहा गया कि कांग्रेस कह रही है कि प्रशिक्षण के लिए विधायकों को ले जाया गया था तो इस पर विज ने कहा कि 'प्रशिक्षण तो यहां भी हो सकता था और अगर छुट्टी मनाने की बात है तो परमानेंट ही छुट्टी कर लें'। विज ने कहा कि अंतरात्मा की आवाज़ सुनकर ही वोट डाले जाते हैं। वहीं विज ने दावा किया कि 2 सीटें हैं और दोनों जीतेंगे और यह पक्का है। बता दें कि विज की तरह ही बीजेपी के और नेता भी दोनों सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं।

इससे पहले बीते कल हरियाणा सरकार के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा था कि भाजपा की पूरी तैयारी है। हमारे निर्दलीय विधायक भाजपा का साथ दे रहे हैं, उन्होंने अपना उम्मीदवार खड़ा किया है इसलिए भाजपा ने निर्णय लिया है कि हमारे जो अतिरिक्त वोट हैं वह हम निर्दलीय उम्मीदवार को देंगे। वहीं इसी तरह मंत्री राव नरबीर ने कहा था दोनों सीटें भाजपा जीतेगी और हमारे समर्थन वाला निर्दलीय उम्मीदवार जीतेगा। वहीं हरियाणा सरकार के मंत्री विपुल गोयल ने कहा था भाजपा उम्मीदवार की जीत पक्की है। साथ ही निर्दलीय उम्मीदवार ने जितना मत मांगा है उन्हें वो मिलेगा। भाजपा अंतरात्मा की आवाज पर एक निर्दलीय प्रत्याशी को अपना समर्थन दे रही है।

जीत के लिए 31 वोटों की जरूरत

90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में राज्यसभा सीट जीतने के लिए 31 वोटों की जरूरत होती है। फिलहाल, बीजेपी के पास अपने 48 विधायकों का समर्थन है, जबकि कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं। निर्दलीय प्रत्याशी की जीत के लिए कांग्रेस से 9 क्रॉस वोट की जरूरत पड़ेगी। अब देखना यह होगा कि खेला किस तरह होगा और कैसे होगा? क्या क्रॉस वोटिंग होगी या वोट इनवैलिड होंगे? शाम तक सारी तस्वीर साफ हो जाएगी। बता दें कि इन सभी 37 राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल माह में समाप्त होने जा रहा है।