‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर हरियाणा की राजनीति गरमाई, चढूनी और अर्जुन चौटाला के दावों से बढ़ी हलचल

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर हरियाणा की राजनीति गरमाई, चढूनी और अर्जुन चौटाला के दावों से बढ़ी हलचल

1000224663

Haryana politics heats up over 'Cockroach Janata Party

चंडीगढ़। इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल रही कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर हरियाणा की राजनीति में हलचल बढ़ गया है। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने दावा किया कि उन्हें कॉकरोच जनता पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बना दिया गया है।

इंडियन नेशनल लोकदल के रानियां से विधायक अर्जुन सिंह चौटाला ने भी स्वयं को कॉकरोच जनता पार्टी से जोड़ लिया। अर्जुन चौटाला ने कहा कि वे कॉकरोच जनता पार्टी के पहले विधायक हैं और युवाओं की हर तरह की समस्याएं उठाने के लिए तत्पर हैं। भाजपा ने इनेलो व भाकियू की इस मानसिकता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

इस पर पूछ सकते हैं सवाल

इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने राज्य और देश के युवाओं से कहा कि यदि उन्हें हरियाणा सरकार से कोई सवाल पूछना है तो उन्हें मेल भेज दी जाए। विधायक को हर माह राज्य सरकार से कम से कम तीन विशेष सवाल पूछने का अधिकार है, जो कि विधानसभा सत्र में पूछे जाने वाले सवालों से अलग होते हैं।

उन्होंने अपनी ई-मेल आइडी काकरोच एमएलए एट दी रेट जी-मेल डाट काम भी जारी की। अर्जुन चौटाला ने कहा कि मैं उसी बेरोजगार, आलसी और काकरोच श्रेणी से आता हूं, जिसका आज पूरे देश और दुनिया में इंटरनेट मीडिया पर जिक्र हो रहा है।

42 लाख युवाओं ने राष्ट्रीय संयोजक बनाने की दी स्वीकृति 

भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने शुक्रवार देर शाम दावा किया कि काकरोच जनता पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त कर दिया है। चढूनी ने कहा कि काकरोज जनता पार्टी के समर्थन में मुहिम चलाने वाले युवाओं ने उन्हें राष्ट्रीय संयोजक बनाने की जानकारी दी है।

इसके लिए एक्स पर एक सर्वे कराया गया था, जिसमें गुरनाम चढूनी को 42 लाख युवाओं ने राष्ट्रीय संयोजक बनाने की स्वीकृति दी है। गुरनाम चढूनी से जब यह पूछा गया कि यह सर्वे किसने, कब और कितने लोगों के बीच कराया तथा राष्ट्रीय संयोजक के लिए कितने दावेदार थे तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

मुझे सिर्फ इतना बताया गया कि आप राष्ट्रीय संयोजक के रूप में पहली पसंद बनकर सामने आए हैं। यह सर्वे कराने वाले कौन लोग हैं, इस बारे में भी चढूनी कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि जल्दी ही काकरोच जनता पार्टी की आगे की गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी।

क्या कम हो गया इनेलो का एक विधायक

भारतीय जनता पार्टी ने काकरोज जनता पार्टी और उसके एकमात्र विधायक अर्जुन सिंह चौटाला पर निशाना साधा है। हरियाणा भाजपा के मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने कहा कि अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इनेलो का एक विधायक कम हो गया है?

क्योंकि स्वयं अर्जुन चौटाला सार्वजनिक रूप से “काकरोच जनता पार्टी” का पहला विधायक होने की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में इनेलो नेतृत्व और विशेष रूप से अभय सिंह चौटाला को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

अरविंद सैनी ने कहा कि अगर यह केवल मजाक या राजनीतिक स्टंट नहीं है तो इनेलो को जवाब देना होगा। क्या पार्टी आधिकारिक रूप से इस तथाकथित “काकरोच जनता पार्टी” से जुड़ रही है या फिर उसके विधायक व्यक्तिगत एजेंडे पर काम कर रहे हैं।

अरविंद सैनी के अनुसार जनता यह जानना चाहती है कि क्या इनेलो अब उसी डिजिटल राजनीति का हिस्सा बन चुकी है, जो इंटरनेट मीडिया पर भोले-भाले युवाओं को भड़काने का प्रयास करती है। गुरनाम सिंह चढूनी को लेकर प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि उनका इतिहास सब जानते हैं। उनके बारे में कुछ नहीं बोला जा सकता। वे अवसरवादी लोग हैं।