हरियाणा में बनेगा हेल्थ वार रूम, शिशु और गर्भवती महिलाओं की निगरानी होगी 24 घंटे
- By Gaurav --
- Friday, 15 May, 2026
Haryana Plans 24x7 Health
हरियाणा में विकसित भारत-2047 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं की कार्य योजना को लेकर मंथन किया गया। प्रदेश में शिशु और गर्भवती महिलाओं की मृत्यु दर को रिकॉर्ड स्तर तक कम करने के लिए सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। यह कंट्रोल रूम वार रूम की तर्ज पर 24 घंटे काम करेगा और पूरे प्रदेश में प्रतिदिन शिशुओं व गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की निगरानी करेगा, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक को रोका जा सके। इसके लिए जल्द विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी दवाओं की उपलब्धता का ऑनलाइन ब्योरा तैयार किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2030 तक प्रदेश के प्रत्येक गांव और शहरी वार्ड को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों को हरियाणा निर्धारित समय से पहले हासिल करेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कैंसर की जांच के लिए प्रत्येक जिले में मैमोग्राफी मशीनें स्थापित की जाएं। इसके अलावा 70 नई एंबुलेंस खरीदने की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की भी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाएगी। बच्चों को जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। वहीं मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग को पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज संचालन की संभावनाएं तलाशने और अन्य राज्यों की योजनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं।