Haryana News: हरियाणा के प्लाटून कमांडर की बेटी वृंदावन से लापता, पति के साथ आई थी घूमने
Haryana News: Daughter of Haryana's platoon commander missing from Vrindavan, h
हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली 27 वर्षीय सपना वृंदावन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। सपना अपने पति के साथ घूमने के लिए वृंदावन आई थी, लेकिन 8 फरवरी को वह अचानक भीड़ के बीच से गायब हो गई। घटना के बाद से परिवार बेहद परेशान है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है।
एक साल पहले हुई थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार सपना की शादी करीब एक साल पहले हिसार निवासी संजय के साथ हुई थी। सपना एक निजी कंपनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के पद पर कार्यरत बताई जा रही है। सपना और उसके पति 6 फरवरी को वृंदावन पहुंचे थे और धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे थे।
भीड़ के बीच अचानक हुई गायब
पति संजय के अनुसार 8 फरवरी को दोनों चीरघाट इलाके में यमुना में बोटिंग करने के बाद बांके बिहारी मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ अधिक होने के कारण सपना अचानक नजरों से ओझल हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। घटना के बाद से सपना का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताया जा रहा है।
पिता ने पुलिस पर लगाए आरोप
सपना के पिता बलवंत बिश्नोई, जो हरियाणा में सिविल डिफेंस में होमगार्ड प्लाटून कमांडर हैं, ने वृंदावन पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने शुरू में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें इधर-उधर भटकाया गया।
उनके अनुसार जब उन्होंने 112 पर फोन किया तो उन्हें पर्यटन थाने जाने के लिए कहा गया, लेकिन वहां पहुंचने पर थाना बंद मिला। इसके बाद वृंदावन कोतवाली में शिकायत देने के करीब 26 घंटे बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।

पुलिस क्या कह रही है
वृंदावन कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सपना की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी ट्रेस किए जा रहे हैं, ताकि लोकेशन का पता लगाया जा सके।