हरियाणा की मंडियां अब 24 घंटे खुली रहेंगी, किसान रात में भी ला सकेंगे फसल
- By Gaurav --
- Saturday, 04 Apr, 2026
Haryana Mandis to Remain Open
Haryana में रबी फसलों की खरीद के दौरान किसानों को बड़ी राहत देते हुए मंडियों को अब 24 घंटे खुला रखने का फैसला लिया गया है। इस फैसले के बाद किसान दिन-रात किसी भी समय अपनी फसल मंडी में ला सकेंगे और उन्हें मौके पर ही गेट पास भी जारी किए जाएंगे।
इस संबंध में Haryana State Agricultural Marketing Board (एचएसएएमबी) ने महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए मंडियों में फसल की आवक और गेट पास जारी करने की प्रक्रिया को 24 घंटे के लिए लागू कर दिया है। हालांकि फसल की बिक्री पहले की तरह रात 8 बजे तक ही होगी। प्रदेशभर की कुल 416 मंडियों में रबी फसलों की खरीद जारी है।
किसान रात में भी ला सकेंगे फसल
मंडियों में 24 घंटे फसल की आवक और गेट पास जारी करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की गई है। इसमें डाटा एंट्री ऑपरेटर और चौकीदार शामिल हैं, जो मौके पर ही किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन करेंगे ताकि खरीद प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
इसलिए लिया गया फैसला
पहले सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक ही किसान मंडी में फसल ला सकते थे और इसी समय में गेट पास जारी होते थे। तय समय सीमा के कारण कई किसानों को नुकसान उठाना पड़ता था। कई बार किसान लंबा इंतजार करने के बाद भी समय खत्म होने के कारण फसल की एंट्री नहीं करा पाते थे और उन्हें वापस लौटना पड़ता था।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद किसान किसी भी समय अपनी फसल मंडी में ला सकेंगे और गेट पास प्राप्त कर सकेंगे। इससे मंडियों में भीड़ कम होगी और किसानों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।