Haryana Women 2100 Rupees: हरियाणा की महिलाओं के लिए खुशखबरी भरा ऐलान; हर महीने 2100 रुपये मिलने वाली योजना को मंजूरी

हरियाणा की महिलाओं के लिए खुशखबरी भरा ऐलान; हर महीने 2100 रुपये मिलने वाली योजना को मंजूरी, इस महीने से होगी लागू

Haryana Lado Lakshmi Yojana Women Gets 2100 Rupees Every Month

Haryana Lado Lakshmi Yojana Women Gets 2100 Rupees Every Month

Haryana Women 2100 Rupees: चंडीगढ़ में आज गुरुवार को सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा कैबिनेट की अहम बैठक हुई। जिसमें हरियाणा की महिलाओं के लिए एक बड़े फैसले को मंजूरी दी गई। दरअसल, कैबिनेट ने 'लाडो लक्ष्मी योजना' को लागू करने पर मोहर लगा दी है। इस योजना के तहत हरियाणा की पात्र महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के रूप में हर महीने 2100 रुपये सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। कैबिनेट बैठक के बाद खुद CM नायब सैनी ने प्रेस वार्ता करते हुए इसकी आधिकारिक घोषणा की।

CM ने कहा- महिलाओं के प्रति सरकार गंभीर

ज्ञात रहे कि एक दिन पहले ही हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र खत्म हुआ है। इसके अगले दिन ही हरियाणा कैबिनेट की यह बैठक बुलाई गई। सीएम ने कहा, ''आज जो कैबिनेट बैठक हुई है वो एक एजेंडा को लेकर हुई है, ये बहुत महत्वपूर्ण है कि हमारी सरकार महिलाओं के प्रति बड़ी गंभीरता से काम कर रही है। इसी कड़ी में महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के लिए 'दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना' को लागू करने का निर्णय कैबिनेट ने लिया है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती से यानी 25 सितंबर से इस योजना का शुभांरम होगा और इसके बाद रजिस्ट्रेशन का काम शुरू हो जाएगा।

सीएम सैनी ने कहा कि, इस योजना के तहत हरियाणा की पात्र सभी महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। हरियाणा में बीजेपी की सरकार लगातार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है और लोगों के हित में फैसले ले रही है। आम आदमी पार्टी और काँग्रेस पर तंज़ कसते हुए सीएम ने कहा कि, उनके द्वारा सिर्फ वादे किए जाते हैं, लेकिन वे वादे पूरे नहीं होते। पंजाब में आप सरकार अब तक महिलाओं को हर महीने पैसे नहीं दे पाई है। मगर बीजेपी की सरकार अपने वादे को नहीं भूलती, हमारी सरकार सभी वादों को पूरा कर रही है।

चरणबद्ध तरीके से लागू होगी योजना

'लाडो लक्ष्मी योजना' (Lado Lakshmi Yojana) को लेकर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएम नायब सैनी ने बताया कि, हरियाणा में यह योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। इस योजना के पहले चरण में उन परिवारों की महिलाओं को लाभ मिलेगा। जिनकी आय सालाना 1 लाख रुपये या इससे कम है। पहले चरण में लगभग 22 लाख महिलाओं को योजना का फायदा मिलने जा रहा है। इसके बाद आने वाले समय में इस योजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। जिसमें आय की अन्य श्रेणी जोड़ी जाएंगी।

सीएम का कहना था कि, एकदम से हरियाणा की सभी महिलाओं के लिए योजना (Lado Lakshmi Yojana) लागू नहीं हो सकती है। हम ऐसा काम कर रहे हैं। जिससे सरकार पर दबाव न पड़े। सीएम सैनी ने जानकारी दी कि, योजना के पहले चरण में महिलाओं को लाभ देने में सालाना 5000 करोड़ का सरकारी खर्च आयेगा.

योजना का लाभ पाने के लिए उम्र 23 साल हो

'लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत महिलाओं को लाभ देने के लिए उम्र की सीमा भी तय की गई है, उम्र के अलावा और भी कुछ शर्तें हैं। जिन्हें पूरा करना होगा। सीएम सैनी ने बताया कि, 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की हरियाणा की सभी अविवाहित या विवाहित महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए अविवाहित महिला का या विवाहित महिला के पति का हरियाणा में पिछले 15 साल का मूल निवास होना चाहिए। परिवार में महिलाओं की संख्या को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है, अगर किसी परिवार में 3 पात्र महिलाएं भी हैं तो उन सभी को 2100 रुपये मिलेंगे।

2100 रुपये के इंतजार में थीं हरियाणा की महिलाएं

हरियाणा में महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये मिलने का इंतजार लंबे समय से है। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव-2024 के दरमियान अपने 20 प्रमुख संकल्पों में महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का संकल्प रखा था। हरियाणा में सभी महिलाओं को 'लाडो लक्ष्मी योजना' के तहत हर महीने 2100 रूपए की वित्तीय सहायता देने की बात कही गई थी। वहीं चुनाव में बीजेपी के इस संकल्प का उसे काफी फायदा भी हुआ। कहीं न कहीं बीजेपी इस योजना के चलते महिलाओं के वोट बैंक को हासिल करने में कामयाब रही।