Haryana Govt to Launch Digital Portal

आईटीआई पास युवाओं के लिए हरियाणा सरकार लाएगी डिजिटल पोर्टल

undefined

Haryana Govt to Launch Digital Portal

हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत आईटीआई से पास होने वाले युवाओं का पूरा डाटा एक डिजिटल पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से उद्योगों को प्रशिक्षित युवाओं की जानकारी मिल सकेगी, जिससे उन्हें सीधे रोजगार के अवसर प्रदान करने में सुविधा होगी।

यह निर्देश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में बड़े स्तर पर रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे और इसके लिए विभाग की ओर से एक वार्षिक कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईटीआई से पास होने वाले युवाओं और इंटर्नशिप करने वाले छात्रों की नियमित ट्रैकिंग की जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें रोजगार मिला है या नहीं। बैठक में विभाग के मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान आईटीआई संस्थानों के उन्नयन, भवनों की मरम्मत, नई प्रयोगशालाओं की स्थापना, प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण और उद्योगों के साथ समझौते जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास भी बेहद जरूरी है, ताकि वे रोजगार के योग्य बन सकें और उद्योगों की जरूरतों को पूरा कर सकें।