Haryana Government Appoints

हरियाणा में बोर्ड-निगमों में बड़ी नियुक्तियां, चुनावी चेहरों और कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी

undefined

Haryana Government Appoints

हरियाणा सरकार ने बोर्डों और निगमों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां कर चुनाव में टिकट से वंचित रहे नेताओं, चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों और लंबे समय से संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सत्ता में भागीदारी दी है।

जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़ चुके कैप्टन योगेश बैरागी को हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके एडवोकेट वेदपाल को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। यह बोर्ड प्रदेश की मंडियों के रखरखाव, संचालन और ग्रामीण सड़कों के विकास में अहम भूमिका निभाता है। राज्य सरकार द्वारा जीरो बजट कृषि को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित नई मंडियों के संचालन में भी बोर्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

रोहतास जांगड़ा को श्रम कल्याण बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। हाल के वर्षों में फर्जी स्लिप घोटाले को लेकर चर्चा में रहे इस बोर्ड का महत्व गिग वर्कर्स के पंजीकरण संबंधी नई पहल के बाद और बढ़ गया है।

इसके अलावा राजपाल बैनीवाल को हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण का सदस्य बनाया गया है, जबकि गुरनाम सैनी को हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम लिमिटेड का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

नायब सरकार की इन नियुक्तियों में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। सुनीता दांगी को हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन बनाया गया है।

वहीं सुभाष कलसाना को हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की प्रबंधन समिति में सरकार का प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।

भारत भूषण जुयाल को पहले हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड की प्रबंध समिति में सरकारी नामित सदस्य बनाया गया और बाद में उन्हें तत्काल प्रभाव से हरको बैंक का नया चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया।

इन नियुक्तियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार द्वारा संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों में भागीदारी देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।