Haryana Freezes Transfers for Census

जनगणना-2027 को लेकर हरियाणा में तबादलों पर रोक, सरकार का बड़ा फैसला

undefined

Haryana Freezes Transfers for Census

जनगणना-2027 के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों और नई नियुक्तियों पर 31 मार्च, 2027 तक रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य में तैनात किया गया है या जो इस प्रक्रिया से सीधे जुड़े हैं, उन पर यह रोक लागू रहेगी।

यह प्रतिबंध IAS और HCS अधिकारियों के साथ-साथ तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला राजस्व अधिकारी, शिक्षा विभाग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कर्मचारियों पर भी लागू होगा।

सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि इस आदेश की जानकारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंचाई जाए और इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

गौरतलब है कि जनगणना-2027 के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंडलायुक्तों को मंडल जनगणना अधिकारी, उपायुक्तों को प्रधान जनगणना अधिकारी और अतिरिक्त उपायुक्तों व नगर मजिस्ट्रेटों को जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है, ताकि प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।