हरियाणा की डायरी: मनो और नायब में मीटिंग

हरियाणा की डायरी: मनो और नायब में मीटिंग

Haryana Diary

Haryana Diary

हरियाणा की डायरी
सचित्र/संपादकीय पृष्ठ हेतु

प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी 

 मनो और नायब में मीटिंग

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से सौहार्दपूर्ण भेंट कर प्रदेश से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। यह मुलाकात राज्य के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और केंद्र-राज्य के बेहतर समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।बैठक के दौरान हरियाणा में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति, आधारभूत ढांचे के विस्तार, ऊर्जा क्षेत्र में सुधार, शहरी विकास, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सरकार द्वारा जनहित में लागू की जा रही विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत" के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन के माध्यम से विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी हरियाणा के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। उन्होंने ऊर्जा, शहरी विकास, बुनियादी ढांचे और अन्य क्षेत्रों में केंद्र की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ हरियाणा को दिलाने का भरोसा दिलाया।

घर घर पहुंचाई श्री गुरु रविदास जन्म भूमि की पावन मिट्टी

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी 650 वीं जयंती को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाई जाएगी। जिसके लिए मुख्यमंत्री  नायब सैनी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कृष्ण  पंवार, मंत्री कृष्ण बेदी और एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत प्रकाश जरावता की अध्यक्षता में अहम फैसला लिया गया है। वर्ष 2027 में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की  जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई जाएगी। इसके अलावा उनके जन्म स्थान श्री गोवर्धनपुर वाराणसी की मिट्टी को घर-घर पहुंचाएंगे।  ताकि उनके द्वारा दिए गए मानवता के संदेशों को भी हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। संत गुरु रविदास महाराज ने हमेशा समाज से ऊंच नीच का भेद खत्म कर सबको एक समान रूप से जीवन यापन करने की शिक्षा दी। 

भ्रष्ट अधिकारी एक बार फिर सरकार की रडार पर

हरियाणा पुलिस भ्रष्टाचार विरोधी बल के मुखिया  ने पिछले दिनों एक बैठक के दौरान बताया कि प्रदेश भर के महा भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारियों की कुंडली खंगाल ली गई है। जिन पर कभी भी  गाज गिरनी तय है। ऐसे में सरकार द्वारा उठाए जा रहे इस कदम की जहां हर तरफ प्रशंसा हो रही है ।वहीं घूसखोरी की मलाई काटने वाले अधिकारियों की साँसे भी अटकी हुई है। अब देखने वाली बात होगी कि एंटी करप्शन ब्यूरो टीम का पहला शिकार कौन बनेगा। 

*छात्र आंदोलन से सत्ता और विपक्ष दोनों सड़कों पर

दिल्ली  पेपर लीक मामले मे सड़क से संसद तक घमासान मचा हुआ है। वहीं प्रदेश की सड़कों पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के अलावा  इनेलो , जेजेपी  आप आप भी भाजपा पर हमलावर है । भाजपाइ  ,कांग्रेस   दोनों पार्टियों ने एक दूसरे के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है। राजनीति में अमूमन ऐसे घटनाक्रम बहुत ही कम देखने को मिलते हैं जब सत्ता पक्ष भी विपक्ष के विरुद्ध धरना प्रदर्शन करता हुआ नजर आए। 

नवनियुक्त प्रभारी ने भी बहाया पसीना

 राहुल गांधी और प्रियंका गिरफ्तारी के बाद हरियाणा कांग्रेस टीम पूरे दम खम के साथ सड़कों पर डटी हुई है। वहीं नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने उसी रात ही चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया ।इसके बाद जहां पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया।  उसके अगले दिन फिर पार्टी द्वारा सभी जिला मुख्यालय पर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश कार्यालय का  घेराव भी किया गया। जिसके चलते तमाम बड़े नेता  भीषण गर्मी के बावजूद भी सड़कों पर नजर आए।

बेदी को बनाया संयोजक

प्रदेश सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज की जयंती के लिए जो अहम रूपरेखा तैयार की गई है। उसकी अगवाई के लिए कृष्ण बेदी को जिम्मेवारी दी गई है। मनोहर लाल के समय से ही कृष्ण बेदी को अलग-अलग भूमिकाएं दी गई। जहां पर उन्होंने खुद को साबित कर पार्टी के निर्णय को सही साबित करने का काम किया है। मनोहर पार्ट 1 और 2 तो उन्हें संकट मोचक तक कहा गया।

"गुलगुले बनाकर महिलाओं का दिल जीत रही प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता"

 भाजपा हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ग्रामीण महिलाओं से सीधा संवाद कर रही हैं। उनका यह अभियान चूल्हे-चौके और लोक परंपराओं से जुड़कर आगे बढ़ रहा है। वे रैली और मंच तक सीमित न रहकर घर-आंगन तक पहुंच रही हैं।  इसी क्रम में इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज में भव्य तीज महोत्सव मनाया गया।   प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति के रंग में भाग लिया। उन्होंने महिलाओं के साथ पीढ़े पर बैठकर गुलगुले बनाए।   दही बिलोकर मक्खन भी निकाला और सबको परोसा। इसके बाद महिलाओं के साथ झूला झूलकर तीज की खुशियां मनाईं। उनके इस सहज अंदाज ने माहौल को आत्मीय बना दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और युवतियां कार्यक्रम में शामिल हुईं।   सभी ने प्रदेशाध्यक्ष के सरल व्यवहार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि तीज केवल त्योहार नहीं, हमारी आस्था और संस्कारों का प्रतीक है।  यह पर्व हमें मिट्टी, प्रकृति और परिवार से जोड़ता है। लोक परंपराएं ही हमारी असली पहचान हैं, इन्हें बचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान के लिए संकल्पित है।  लाडो लक्ष्मी योजना* और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ इसके उदाहरण हैं।  महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।डॉ. अर्चना की यह पहल ग्रामीण महिलाओं में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ाएगी।  

  नायब सिंह सैनी का विपक्ष पर पलटवार

     मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे पर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। नीट पेपर लीक सहित सभी मामलों में केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास कोई सकारात्मक सुझाव है तो उसे केंद्र सरकार के समक्ष रखना चाहिए।यूपीए सरकार के दौरान भी कई पेपर लीक मामले सामने आए, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं वर्तमान केंद्र सरकार ने शिक्षा बजट को 8,225 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.39 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक प्रतियोगी परीक्षा के परिणाम पर हाईकोर्ट ने रोक लगाई है। इसके विपरीत हरियाणा में पिछले साढ़े 11 वर्षों में बिना खर्ची और बिना पर्ची के 1.83 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने के लिए हरियाणा लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम-2021 लागू किया गया है, जिसमें दोषियों के लिए दो से दस वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

     विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर ले जाने की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प  को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार  प्रतिभावान, संस्कारवान, ज्ञानवान, कुशल युवाओं की एक नई पीढ़ी तैयार कर रही  है। इसी उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षा में नवाचार, अनुसंधान, तकनीकी दक्षता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार ने एक ऐसी योजना तैयार की है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर ले जाया जाएगा, जिससे कि उनका दृष्टिकोण और बौद्धिक विकास हो  सके।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को महर्षि दयानंद  विश्वविद्यालय रोहतक में कहा। शिक्षा का अर्थ केवल एक डिग्री धारण करना नहीं है, शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो कि एक युवा को इस योग्य बनाए कि वह नौकरी मांगने वाला  नहीं, अपितु स्वयं रोजगार का सृजन करने में सक्षम बन सके। प्रदेश के सभी जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों को उन्होंने कहा कि यह मंजिल नहीं, लंबी यात्रा का पड़ाव है। अभी उन्हें और ऊंचाइयों को छूना है।डिजीटल शिक्षा, एआई, रोबोटिक व इसरो, डीआरडीओ आदि की नई तकनीक बच्चों को सिखाने के लिए सरकारी स्कूलों में 391 एसटीईएम लैब स्थापित की  जा चुकी हैं। राज्य के 250 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब 25 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित की जा रही हैं। प्रदेश में हर दस  किलोमीटर की दूरी पर राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय स्थापित किए गए हैं। आज प्रदेश में 468 पीएम श्री व मॉडल संस्कृति विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। राज्य में 250 उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे, जिनमें हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यम से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं।

विज राहुल पर पी एम की सुरक्षा में सेंध में केस दर्ज के पक्षधर

      हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पीएम आवास के बाहर धरना देने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सख्त लहजे में कहा कि “कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ऊपर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने का केस दर्ज किया जाना चाहिए।“ यह किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी अगर बात करना चाहते हैं तो वो संसद के अंदर जाए और बात करें, उन्हें कौन रोक सकता है। मगर प्रधानमंत्री आवास के बाहर जोकि हाई सिक्योरिटी जोन है, वहां कोई गलत आदमी बीच में आ सकता है, कोई घटना-दुर्घटना हो सकती है, ऐसे में कौन जिम्मेदार होगा। मंत्री अनिल विज ने कहा कि इन्हें बिल्कुल भी इन्हें बख्शना नहीं चाहिए और इनपर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने का केस दर्ज किया जाना चाहिए।सपा नेता अखिलेश यादव ने नीट पेपर लीक मामले में भाजपा नेताओं पर आरोप लगाए जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि इस मामले में एजेंसियां निष्पक्ष जांच कर रही है। किसी के पास यदि किसी के खिलाफ कोई सबूत है तो वह एजेंसियों को दे सकता है। प्रधानमंत्री जोकि देश के मुखिया है वो भी कह चुके हैं कि इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त सजा दोषियों को दिलाई जाएगी।