हरियाणा की डायरी: आप’ में घुस गई इंदिरा गांधी की आत्मा
Haryana Diary: Indira Gandhi's Spirit has Entered the AAP
प्रस्तुति: चन्द्र शेखर धरणी
वरिष्ठ/स्वतंत्र पत्रकार
-=-=-=-
‘आप’ में घुस गई इंदिरा गांधी की आत्मा !
हरियाणा की राजनीति के साथ आम जनता के बीच में भी गब्बर, दबंग और बाबा जैसे नामों से पहचाने जाने वाले कैबिनेट मंत्री अनिल विज वैसे तो हमेशा किसी ना किसी कारण या फिर बयान के कारण हमेशा से ही हरियाणा की राजनीति और जनता के साथ प्रदेश की चौपालों पर भी चर्चा में रहते हैं। अब एक बार फिर से अनिल विज ने अपने एक ही बयान से हरियाणा के साथ पड़ोसी राज्य पंजाब और कांग्रेस के दिल्ली तक के नेताओं को सोचने पर विवश कर दिया है। हाल ही में पंजाब से प्रकाशित एक प्रतिष्ठित अखबार समूह पंजाब केसरी पर वहां के सरकारी विभागों की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर विज ने पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया। विज ने कहा कि पंजाब में इमरजेंसी जैसे हालात बने हुए हैं। पंजाब में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। पंजाब की आम आदमी पार्टी में इंदिरा गांधी की आत्मा घुस चुकी है। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में भी समाचार पत्रों पर प्रतिबंध लगा दिए थे। उस समय अखबार भी आधे-आधे छपा करते थे और इमरजेंसी भी लग गई थी। अब अनिल विज ने अपने इस एक बयान से पड़ोसी राज्य पंजाब की सरकार के साथ ही विपक्षी दल कांग्रेस के केंद्रीय स्तर के नेताओं के साथ पूर्व प्रधानमंत्री तक पर निशाना साध दिया। इसी को लेकर राजनीतिक चौपालों पर हो रही चर्चा में कहा जा रहा है कि विज को बाबा इसीलिए कहते हैं कि वह अपनी दूरदर्शी सोच के साथ बयानबाजी करते हैं। खैर विज के इस बयान पर आप या फिर कांग्रेस की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, यह तो आने वाले समय में ही पता चलेगा, लेकिन फिलहाल बाबा का यह बयान राजनीतिक चौपालों पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।
-=-=-=-=-=
नायब के सहारे पंजाब में कमल खिलाने की तैयारी !
हरियाणा में फूल वाले दल की सरकार के बड़े साहब (मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी) इन दिनों अपने प्रदेश के साथ पड़ोसी राज्य पंजाब में काफी सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं। पंजाब में किसी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि हो, हरियाणा सरकार के बड़े साहब वहां अपनी हाजिरी जरूर दर्ज करवाते हैं। ऐसे ही हाल ही में श्री मुक्तसर साहिब में हुए एक कार्यक्रम में भी हुआ। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने वहां अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए पंजाब सरकार की जमकर आलोचना की। खैर यह सब कुछ तो राजनीति का एक हिस्सा है, क्योंकि राजनीति में अकसर एक दल अपनी पार्टी या फिर अपनी सरकार की तारीफ करने के साथ ही अन्य दलों की बुराई जो करता है। परंतु मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में एक सोची समझी रणनीति के तहत मिशन-2027 की तैयारियों में जुटे हैं। इसका परिणाम भी अब धरातल पर नजर आने लगा है। भले ही पंजाब के साथ-साथ देश की राजनीतिक चौपालों पर आने वाले समय में एक बार फिर से भाजपा और बीजेपी गठबंधन की चर्चाएं चल रही है। इसका कारण भी है, क्योंकि दोनों ही दलों के नेताओं द्वारा कभी भी एक-दूसरे के खिलाफ कोई बयानबाजी नहीं की गई। जब दोनों दलों की ओर से केवल आपस को छोड़कर सभी दलों पर निशाना साधा जाए तो यह चर्चा होना संभाविक भी है। इसके उल्ट पंजाब में मिशन-2027 की तैयारियों में लगे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब वहां पर पार्टी के जनाधार के साथ ही संगठन को भी मजबूत करने के साथ विस्तार देने में जुटे हुए है। इसका परिणाम यह हुआ कि पंजाब की राजनीति के कईं दिग्गज अब तक अपने दलों को छोड़कर भगवा रंग में रंग चुके है। इतना ही नहीं पंजाब के राजनेताओं के अलावा वहां के अनेक उद्योगपति और सिंगर व गायक भी अब हरियाणा सरकार के बड़े साहब से मिलने के लिए आने लगे हैं। ऐसे में जहां हरियाणा सरकार के बड़े साहब पड़ोसी राज्य पंजाब में दूसरे राजनीतिक दलों के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं। वहीं, उनके खुद को उनकी काबलियत पूरा विश्वास नजर आ रहा है, क्योंकि हरियाणा में भी उनके नेतृत्व में हुए चुनाव में पहली बार किसी राजनीतिक दल ने लगातार तीसरी बार सत्ता की सीढ़ी को छुआ है।
-=-=-=-=--=-===
एक्शन के साथ हरियाणा पुलिस के बड़े साहब की चेतावनी
हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया पर बढ़ती अवैध और आपत्तिजनक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर डिजिटल अभियान शुरू किया है। यह अभियान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, राष्ट्र-विरोधी, धर्म-विरोधी तथा समाज में तनाव और भ्रम फैलाने वाली सामग्री लगातार पोस्ट की जा रही थी, जिसे रोकने के लिए सुनियोजित तरीके से कार्रवाई आवश्यक हो गई थी। इसी उद्देश्य से साइबर हरियाणा टीम ने लगभग एक महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निरंतर निगरानी शुरू की, जो लगातार जारी है। इसी मुहिम के तहत अब तक कुल 1,018 लिंक और प्रोफाइल रिपोर्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 583 आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया कंपनियों द्वारा हटाया या ब्लॉक किया जा चुका है। शेष 435 स्थिति समीक्षा के विभिन्न चरणों में हैं और जिन्हे जल्द ही टेक-डाउन किया जाएगा। यह आँकड़ा उदाहरण प्रस्तुत करता है कि हरियाणा पुलिस सोशल मीडिया पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए कितनी गंभीर और तत्पर है। इस दौरान साइबर टीम रोजाना उन पोस्टों, वीडियो, लिंक और प्रोफाइलों की पहचान कर रही है जिनमें गलत जानकारी, उकसाने वाली भाषा या सार्वजनिक शांति भंग करने वाला कंटेंट शामिल है। जैसे ही ऐसी किसी सामग्री का संज्ञान लिया जाता है, आईटी एक्ट के तहत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नोटिस जारी कर उसे तुरंत हटाने की मांग की जाती है। इस पूरी प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है। हरियाणा पुलिस के बड़े साहब यानि डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। देशभर में ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर चल रहे संदिग्ध ऐप्स और चैनलों की बढ़ती गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए साइबर हरियाणा ने एक विशेष और संगठित अभियान शुरु किया है। इस अभियान के तहत अब तक 28 ऐसे ऐप्स और चैनलों की पहचान की जा चुकी है जिनके संचालन पर संदेह था। इनमें से 14 को सफलतापूर्वक डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटाया जा चुका है, जबकि शेष 14 पर सोशल मीडिया इंटरमीडियरीज द्वारा अंतिम समीक्षा और टेक-डाउन की प्रक्रिया तेजी से जारी है। उन्होंने बताया कि यह पहल नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत कदम है और इससे ऑनलाइन ठगी की संभावनाएं काफी हद तक कम होंगी। आने वाले समय में ऐसे फर्जी ऐप्स के खिलाफ और भी तीव्र और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, जिससे सुरक्षित डिजिटल वातावरण सुनिश्चित हो सकेगा। हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत या भड़काऊ जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त है और किसी भी परिस्थिति में ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
----=-=-=
अब वायरल हुआ बीजेपी विधायकों का वीडियो
हरियाणा के एक विधायक के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में हरियाणा के कैथल जिले की पंडूरी से विधायक सतपाल जांबा एक बस में डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में विधायत सतपाल जांबा के साथ-साथ डिप्टी स्पीकर और जींद से विधायत कृष्ण मिड्ढा भी डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों विधायक एक दूसरे के गले में हाथ डालकर नाचते और झूमते दिखाई दे रहे हैं। विधायक सतपाल जांबा ने यह वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो केरल टूर का है। हरियाणा के विधायकों को केरल एक टूर पर भेजा गया है। इस टूर के लिए केरल जाते हुए बस में यह डांस वीडियो रिकॉर्ड किया गया है। विधायक हरियाणवी सिंगर अमित सैनी रोहतकिया के गाने पर डांस कर रहे हैं। अमित रोहतकिया ने यह गाना नायब सिंब सैनी के पहली बार मुख्यमंत्री बनने पर गया था। वायरल वीडियो में विधायक जमकर डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। डांस कर रहे विधायक बस में बैठे अन्य विधायकों को भी उनके पास आकर नाचने के लिए बुला रहे हैं। बस में बैठे कुछ लोग डांस कर रहे विधायकों पर रुपए वार रहे हैं। विधायकों का इस तरह खुलकर डांस करना उनके समर्थकों को बहुत पसंद आ रहा है। डांस की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मीडिया ने विधायक सतपाल जांबा से बातचीत की। डांस की वीडियो के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के साथी विधायकों औ दोस्तों के साथ आनंद के कुछ पल मिले और उन्हीं पलों को वह एन्जॉय कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह अन्य विधायकों और हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा के साथ केरल विधानसभा और म्यूजियम देखने गए थे। उन्होंने कहा कि केरल की लोकतांत्रिक परंपराएं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत अत्यंत प्रेरणादायक रही। उन्होंने बताया कि सफर के दौरान उन्होंने अन्य विधायकों के साथ डांस किया। काम से फुरसत के कुछ पल मिले थे और उन पलों का नाच-गाकर आनंद लिया गया। उनकी यह वीडियो अब जमकर वायरल हो रही है।
-=-=-=-=-==
हरियाणा की बजाए कपूर को मिली ‘ड्रैगन’ से मुकाबले की जिम्मेदारी
हरियाणा में पूर्व में पुलिस के बड़े साहब यानि डीजीपी रहे शत्रुजीत कपूर एक बार फिर से चर्चा में है। इस बार चर्चा का कारण कोई विवाद नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की ओर से उन्हें दी गई एक अहम जिम्मेदारी है। दअरसल, आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में नाम आने के बाद से शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजते हुए सरकार ने उन्हें डीजीपी के पद से मुक्त कर दिया था। हालांकि बाद में यूपीएससी की ओर से हरियाणा के डीजीपी के लिए भेजे गए नामों के पैनल में उनका नाम भी शामिल था, लेकिन सरकार ने उनकी बजाए अजय सिंघल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। अब केंद्र सरकार ने हरियाणा के पूर्व डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर को एक अहम केंद्रीय सुरक्षा बल की जिम्मेदारी सौंपी है। आदेश के अनुसार, कपूर को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। आईटीबीपी के पास चीन से लगती भारत की सीमा की सुरक्षा का दायित्व है, जिसे रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह नियुक्ति इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि शत्रुजीत कपूर को पिछले साल एक विवाद के बाद हरियाणा के डीजीपी पद से हटाया गया था। इसके बावजूद अब उन्हें केंद्रीय स्तर पर एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी देते हुए उनके कार्यकाल की अवधि भी तय कर दी है। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, शत्रुजीत कपूर मौजूदा आईटीबीपी महानिदेशक प्रवीण कुमार की जगह लेंगे। प्रवीण कुमार को सीमा सुरक्षा बल का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। आईटीबीपी मुख्य रूप से भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा से जुड़ी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है, जहां हाल के वर्षों में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हैं। यानि शत्रुजीत कपूर अब चीन सीमा पर ड्रैगन की ओर से की जाने वाली हरकतों पर नजर रखने के साथ सीधे तौर पर उसका मुंहतोड़ जवाब दे पाएंगे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने शत्रुजीत कपूर की आईटीबीपी महानिदेशक के रूप में नियुक्ति 31 अक्टूबर 2026 तक के लिए मंजूर की है, जो उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि है। यानी वह रिटायरमेंट तक इस केंद्रीय बल की कमान संभालेंगे और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा से जुड़े अहम फैसलों की जिम्मेदारी निभाएंगे।
----=-=-=
गांव वासियों के साथ अलाव सेकने बैठे सीएम
हरियाणा सरकार के बड़े साहब यानि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने हंसमुख चेहरे और मिलनसार रवैये के लिए पहले से ही जनता में अपनी पहचान बना चुके है। ऐसे में बड़े साहब को जब भी मौका मिलता है, वह गाड़ी को रुकवाकर सीधा लोगों के बीच जाकर उनसे वार्तालाप करते हैं। इससे जहां सरकार और जनता के बीच की दूरी कम होती है। वहीं, सरकार के मुखिया तक सीधे तौर पर सरकार के कामकाज के साथ जनता की दिक्कतों की जानकारी भी पहुंच पाती है। अब जहां एक ओर पूरे प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऐसे में जहां हर कोई घर से बाहर निकलने की बजाए रजाई में दुबकना पसंद करता है। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ठंड की परवाह किए बिना अपने इस अंदाज को लगातार बरकरार रखे हुए है। हुआं यू कि हाल ही में हिसार से गुजरते समय मुख्यमंत्री का काफिला जब गांव कुलेरी से गुजर रहा था, तो सड़क किनारे ग्रामीण सर्दी से बचाव के लिए अलाव जलाकर बैठे हुए दिखाई दिए। ग्रामीणों को देखकर मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवाया। मुख्यमंत्री के रुकते ही ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने सर्दी का जिक्र करते हुए कहा कि “ठंड काफी है, आप लोगों के पास बैठकर ही बातचीत करते हैं।” इसके बाद मुख्यमंत्री अलाव के पास कुर्सी लगाकर बैठ गए और ग्रामीणों के साथ जनसंवाद किया। मुख्यमंत्री की इस सादगी को देखकर वहां मौजूद लोग जहां उनकी तारीफ करते नजर आए। वहीं, उनका यह रवया सूबे की चौपाल पर भी लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
-=-=-=-=-=-=-=-=-=-=
…तो क्या पंजे वाले दल में खत्म हो गई गुटबाजी ?
राजनीति एक ऐसी चीज कहें, जुनून कहें या फिर पेशा कहें, क्योंकि इसमें किसी भी दल में कितनी भी आपसी खिचंतान और गुटबाजी हो, लेकिन उस दल का नेता कभी भी उसे मानने को तैयार नहीं होता। आजकल ऐसा ही कुछ हो रहा हरियाणा में पंजे वाले दल के नेताओं के बीच। हालांकि दल के नेताओं को अच्छे से पता है कि उनकी और उनकी पार्टी के नेताओं के बारे में पूरे हरियाणा की जनता अच्छे से जानती है,लेकिन इसके बावजूद भी सबके एक होने का दावा करते नहीं थकते। ऐसे ही एक मामले को लेकर हरियाणा में माननियों के पूर्व अध्यक्ष रहे अशोक अरोड़ा ने तो कांग्रेस में गुटबाजी की बजाए बीजेपी में गुटबाजी होने का दावा करते हुए इसके कईं उदाहरण भी पेश कर दिए। अशोक अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है, बल्कि उन्होंने भाजपा में ही गुटबाजी होने का दावा करते हुए कहा कि राव इंद्रजीत और राव नरबीर का उदारहण दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में पहले विपुल गोयल एक उदघाटन करते हैं, आधे घंटे बाद केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर उसका फिर से उद्घाटन करते हैं। इसलिए गुटबाजी कांग्रेस में नहीं, बल्कि भाजपा में है। अरोड़ा ने दावा किया कि कांग्रेस एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर सरकार के साथ लड़ाई लड़ेगी। अशोक अरोड़ा ने कहा कि यह लोग (भाजपा) राम को भी पेटेंट करके रखना चाहते हैं। राम तो हम सबके हैं। राम का सब आदर करते हैं। यह नाम नहीं बल्कि नाम के साथ स्कीम को ही मार रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि भाजपा वाले चाहते हैं कि देश में कोई भी आत्मनिर्भर ना बने, बल्कि सरकार पर निर्भर रहे। यह लोग चाहते हैं कि गरीब लोग रोजगार करने की बजाए सरकार की ओर से दिए जाने वाले 5 किलो अनाज पर निर्भर रहे।
-=-=-=-=-==
अग्निवीरों के लिए तैयार हो गई नौकरी की नीति !
भारतीय सशस्त्र बलों में युवा प्रोफाइल को सशक्त बनाने तथा युवाओं में देश सेवा के प्रति जोश, जज़्बा और अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से जून 2022 में अग्निपथ योजना की शुरुआत की गई। इस योजना के अंतर्गत युवाओं को अग्निवीर के रूप में चार वर्ष की अवधि के लिए सेवा करने का अवसर प्रदान किया गया। अग्निपथ योजना के तहत पहले बैच की सेवा अवधि जुलाई 2026 में पूरी होनी है। इसके उपरांत अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार ने हरियाणा अग्निवीर नीति–2024 तैयार की है जिसे अगस्त 2026 से प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इस नीति के माध्यम से अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। सेना में सेवा उपरांत अग्निवीरों को रोजगार का सुरक्षा कवच देने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है। आंकड़ों को देखे तो वर्ष 2022–23 में जल, थल एवं वायु सेना के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 26,649 अग्निवीरों की भर्ती का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसी क्रम में हरियाणा से वर्ष 2022–23 में 1,830 तथा वर्ष 2023–24 में 2,215 अग्निवीरों की भर्ती हुई। जनसंख्या एवं भौगोलिक दृष्टि से सीमित प्रतिनिधित्व के बावजूद हरियाणा के युवाओं में देशभक्ति का जज्बा विशेष रूप से देखने को मिलता है। यहां के युवा व्हाइट कॉलर नौकरियों की बजाय सेना की वर्दी को गर्व के साथ अपनाते हैं। यही कारण है कि देश की सेनाओं में हर दसवां सैनिक हरियाणा से होता है। इसीलिए खेल के साथ जवान के रूप में देश की रक्षा में भी हरियाणा के युवा अपना और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इनके इसी देश भक्ति के जज्बे को देखते हुए सरकार ने अभी से उन्हें प्रदेश के सरकारी विभागों में नौकरी देने की नीति तैयार कर ली है।
प्रस्तुतिः- चंद्रशेखर धरणी