राज्यसभा चुनाव: हरियाणा के कांग्रेस विधायक पहुंचे चायल; कड़ी सुरक्षा के बीच शिमला में डेरा
Haryana Congress MLAs reach Chail
शिमला। Haryana Congress MLAs reach Chail, हरियाणा में राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रहे घमासान के बीच कांग्रेस के विधायक शिमला के चायल में घूमने निकले। शिमला के मौसम व यहां की खूबसूरती का लुत्फ उठाया। सूत्रों के अनुसार सुबह कुफरी स्थित ट्विन टावर होटल से विधायक चायल पहुंचे। रास्ते में जनेड़घाट के पास आइटीसी होटल में लंच किया। चायल में घूमने का लुत्फ उठाया।
सूत्रों के मुताबिक शाम को हिमाचल के मुख्यमंत्री के साथ विधायकों के लिए डिनर का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। सोमवार सभी चंडीगढ़ लौटेंगे।
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए कांग्रेस ने अपने विधायकों को एक साथ सुरक्षित स्थान पर रखने की रणनीति बनाई है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार है, ऐसे में 31 विधायकों को शिमला लाकर ठहराया गया है, जबकि कुछ वरिष्ठ नेता और सांसद भी उनके साथ मौजूद हैं।
होटल के आसपास कड़ा पुलिस पहरा
ट्विन टावर होटल और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। होटल परिसर के बाहर और नेशनल हाईवे-5 से होटल जाने वाले रास्ते पर पुलिस तैनात है। बिना अनुमति किसी को भी होटल परिसर तक जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
सीएम सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार दो घंटे मिले
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील कुमार बिट्टू ट्विन टावर होटल पहुंचे और हरियाणा कांग्रेस के विधायकों से मुलाकात की। करीब दो घंटे की बैठक के बाद वे शिमला लौट गए।
मार्निंग वॉक की भी नहीं दी अनुमति
बताया जा रहा है कि कुछ विधायकों ने सुबह होटल से बाहर मार्निंग वाक करने की इच्छा जताई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद कुछ विधायक होटल परिसर में ही टहलते नजर आए।