Krishan Lal Panwar Accident: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का एक्सीडेंट; पानीपत में कार हादसे का शिकार

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का एक्सीडेंट; पानीपत में कार हादसे का शिकार, अफरा-तफरी में अस्पताल ले जाया गया

Haryana Cabinet Minister Krishan Lal Panwar Accident In Panipat

Haryana Cabinet Minister Krishan Lal Panwar Accident In Panipat Latest

Krishan Lal Panwar Accident: हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार आज शुक्रवार को पानीपत में सड़क हादसे का शिकार हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक, यहां टोल प्लाज़ा के नजदीक पंवार के काफिले की गाड़ियां अचानक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। हादसे के दौरान पंवार इनोवा कार में मौजूद थे। टक्कर इतनी तेज थी की इनोवा कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, जिसमें कृष्ण लाल पंवार घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें अफरा-तफरी में इलाज के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया।

पंवार सोनीपत में कर रहे थे चुनाव प्रचार

ज्ञात रहे कि कृष्ण लाल पंवार इन दिनों सोनीपत नगर निगम चुनाव में बतौर प्रभारी बीजेपी मेयर उम्मीदवार राजीव जैन व पार्षद प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार-प्रसार में हिस्सा ले रहे थे और लोगों से रुबरु होकर उनके लिए वोट मांग रहे थे। पंवार ने सक्रिय रूप से यहां आयोजित कई चुनाव कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और रैलियां कीं। इसके अलावा उन्होंने सांपला नगर पालिका चुनाव में भी चेयरमैन पद के लिए भाजपा प्रत्याशी प्रवीन कोच व वार्ड नं-8, 9 व 11 से पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा भी की थी।

कृष्ण लाल पंवार ने राज्यसभा से दिया था इस्तीफा

गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कृष्ण लाल पंवार ने इसराना (आरक्षित) सीट से जीत हासिल की थी। पंवार ने कांग्रेस के बलबीर सिंह बाल्मीकि को 13,895 से अधिक वोटों से हराया था। जब पंवार विधायक बने तो उस दौरान वह हरियाणा से राज्यसभा सांसद भी थे। जहां विधायक बनने के बाद उन्होंने राज्य की सक्रिय राजनीति में काम करने के लिए सांसद पद छोड़ दिया था। कृष्ण लाल पंवार ने 14 अक्टूबर 2024 को राज्यसभा सांसद पद से अपना इस्तीफा उस समय के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ को सौंपा था। वे 2 अगस्त 2022 को राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल 1 अगस्त 2028 तक था।

पंवार अभी हरियाणा के पंचायत मंत्री

कृष्ण लाल पंवार (Krishan Lal Panwar) इसराना से 5वीं बार विधायक बने हैं। विधायक बनने के बाद उन्हें नायब सैनी सरकार के मंत्रीमण्डल (Nayab Saini Govt) में भी शामिल किया गया। पंवार के पास हरियाणा के पंचायत और विकास, तथा खान (माइंस) और भूविज्ञान विभाग की जिम्मेदारी है। वह बीजेपी हरियाणा (BJP Haryana) के उपाध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा वह हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी हैं। कृष्ण लाल पंवार का कद हरियाणा की राजनीति में काफी बड़ा माना जाता है।