खुशियां बदलीं मातम में: बरात से लौट रही पिकअप पलटी, एक की मौत और 12 घायल; बिलासपुर सिम्स में इलाज जारी
Happiness turns to mourning: A pickup returning from a wedding procession overturns
नई दिल्ली। सीपत क्षेत्र में रविवार रात भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य ग्रामीण घायल हो गए। रतनपुर के ग्राम उमरिया दादर से बरात लेकर कारिछापर आए ग्रामीण कार्यक्रम के बाद पिकअप वाहन में सवार होकर वापस लौट रहे थे। कर्मा-बसहा के बीच मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, पिकअप क्रमांक सीजी 12 एएक्स 9589 में करीब 20 से 25 लोग सवार थे। देर रात वापसी के दौरान तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सीपत पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान रामझुल नामक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है, जिनका विशेषज्ञ डाक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते अन्य लोगों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, अन्यथा हताहतों की संख्या बढ़ सकती थी।
मोड़ पर रफ्तार बनी काल, ग्रामीणों ने की मदद
हादसा कर्मा और बसहा के बीच स्थित मोड़ पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण मोड़ पर वाहन पूरी तरह असंतुलित होकर पलट गया। दुर्घटना होते ही स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू कर दिया था, जिससे कई जिंदगियां बच सकीं।
सिम्स में भर्ती 11 घायल, पुलिस की जांच शुरू
सड़क हादसे में घायल हुए सभी 11 लोगों का इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है और आरोपित चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस का प्रयास है कि चश्मदीदों के बयान दर्ज कर घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके। बरात की खुशियां मातम में बदलने से उमरिया दादर गांव में शोक की लहर है।
मेटाडोर व पिकअप का न करें इस्तेमाल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि यातायात के नियम के अनुसार मालवाहक वाहनों में सवारी ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। ग्रामीण क्षेत्र में शादी के दौरान ऐसी घटना लगातार सामने आती है। उनका कहना है कि लोग मेटाडोर या पिकअप, ट्रैक्टर या अन्य माल वाहन में बैठ कर अपनी जान को जोखिम में न डालें।