Sanjeev Arora In Jail: पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा भेजे गए जेल; कोर्ट में बेटी को गले लगा फूट-फूटकर रोए

पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा भेजे गए जेल; कोर्ट में बेटी को गले लगा फूट-फूटकर रोए, ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में किया है गिरफ्तार

Gurugram Court Sent Punjab Minister Sanjeev Arora To Jail

Gurugram Court Sent Punjab Minister Sanjeev Arora To Jail

Sanjeev Arora In Jail: पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल भेज दिया गया है। ED ने रिमांड खत्म होने पर अरोड़ा को आज सोमवार को गुरुग्राम स्पेशल कोर्ट में पेश किया था। जहां कोर्ट ने संजीव अरोड़ा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं कोर्ट ने इस मामले (Money Laundering) की अगली सुनवाई के लिए 1 जून 2026 की तारीख तय की है।

कोर्ट में फूट-फूटकर रोते दिखे मंत्री संजीव अरोड़ा

कोर्ट में पेशी के दौरान संजीव अरोड़ा जब अपने परिवार से मिले तो मिलकर बेहद भावुक हो गए और फफक कर रो पड़े. अरोड़ा कोर्ट परिसर में अपनी बेटी को गले लगा फूट-फूटकर रोते हुए दिखे। वहीं अरोड़ा को बढ़ी हुई सफ़ेद दाढ़ी में देखा गया। ज्ञात रहे कि इससे पहले गुरुग्राम स्पेशल कोर्ट ने मंत्री संजीव अरोड़ा की ED हिरासत शनिवार को दो दिन के लिए बढ़ा दी थी। जबकि इससे पहले कोर्ट ने पहली बार अरोड़ा को 7 दिन की ईडी रिमांड पर भेजा था। यानि कोर्ट ने अरोड़ा को 2 बार ED की रिमांड में भेजा।

केजरीवाल ने अरोड़ा को बताया 'बहादुर'

इधर आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने संजीव अरोड़ा के रोने वाले वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। केजरीवाल ने अरोड़ा को बहदुर और देशभक्त बताया। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''संजीव जी, आप बहादुर हो। देशभक्त हो। पूरे पंजाब को आप पर गर्व है।'' वहीं इसी तरह पंजाब आम आदमी पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी संजीव अरोड़ा को जेल भेजे जाने पर प्रतिक्रिया दी। सिसोदिया ने लिखा, ''जिसने दिया हैं एक कतरा भी साथ हमारा, रही जिंदगी तो समन्दर लौटाएँगे...''

आम आदमी पार्टी का बयान

वहीं आम आदमी पार्टी के आधिकारिक हैंडल से लिखा गया, ''जिस व्यक्ति ने पंजाब में उद्योग क्रांति लाई, जो तानाशाहों के सामने झुके नहीं। दबाव के बावजूद भाजपा join नहीं की, इसीलिए BJP ने हथकंडे अपनाते हुए आम आदमी पार्टी के जांबाज़ सिपाही को जेल में डाल दिया। आज अपने परिवार से मिलते वक्त संजीव अरोड़ा जी भावुक हो गए। इन आँसुओं का जवाब पंजाब ज़रूर देगा। भाजपा की दमनकारी राजनीति का अंत होगा। सब कुछ याद रखा जाएगा। संजीव अरोड़ा जी, पूरा पंजाब आपके साथ है।''

ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में किया है गिरफ्तार

ज्ञात रहे कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इसी महीने 9 मई को संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। अरोड़ा के चंडीगढ़ सेक्टर-2 स्थित आवास समेत दिल्ली और गुरुग्राम के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई थी। संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया गया था। जानकारी ये भी सामने आई थी कि करीब 20 गाड़ियों में ED के अधिकारी छापेमारी की कार्रवाई करने पहुंचे थे। गौरतलब है कि ईडी की संजीव अरोड़ा के खिलाफ यह एक महीने के अंदर दूसरी बार छापेमारी की कार्रवाई थी। इससे पहले पिछले महीने ही ED ने लुधियाना में संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की थी।

संजीव अरोड़ा पर 100 करोड़ से ज्यादा के हेरफेर के आरोप

केंद्रीय जांच एजेंसी (Enforcement Directorate) संजीव अरोड़ा के खिलाफ 100 करोड़ से ज्यादा के हेरफेर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) की जांच कर रही है। अरोड़ा पर FEMA नियमों का उल्लंघन करते हुए किए गए विदेशी लेन-देन का आरोप भी है। ED ने संजीव अरोड़ा से जुड़े कई बैंक खाते अटैच कर लिए हैं और इस नेटवर्क से जुड़े डीमैट खातों व म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज़ कर दिया गया है। यानि यह पूरी कार्रवाई (ED Raid on Sanjeev Arora) करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन और घोटाले को लेकर की गई है।

जानें संजीव अरोड़ा के बारे में

लुधियाना से ताल्लुक रखने वाले संजीव अरोड़ा एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता होने के साथ-साथ पंजाब के एक बड़े बिजनेसमैन भी हैं। वह पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। लुधियाना वेस्ट से विधायक निर्वाचित होने से पहले संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) राज्यसभा सांसद थे। उपचुनाव जीतने के बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। संजीव अरोड़ा पिछले साल जून 2025 में लुधियाना वेस्ट सीट से उपचुनाव जीतकर AAP विधायक बने थे।

विधायक बनने के कुछ दिनों में ही मंत्री बने अरोड़ा

विधायक बनने के बाद कुछ ही दिनों में संजीव अरोड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाकर सीएम भगवंत मान ने AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का वह वादा पूरा किया था। जिसमें केजरीवाल ने लुधियाना चुनाव प्रचार में एक जनसभा के दौरान लोगों से कहा था की अरोड़ा को यहां से जिता दो, उन्हें मंत्री बना देंगे। बता दें कि 3 जुलाई 2025 को अरोड़ा ने मंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं इस दौरान उस समय पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप धालीवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

मंत्री बनने के बाद अरोड़ा को पहले ये विभाग मिले

मंत्री बनते ही संजीव अरोड़ा को सरकार में सबसे पहले Industry & Commerce, Investment Promotion और NRI Affairs संबंधित विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद भगवंत मान सरकार में संजीव अरोड़ा का कद तब और बढ़ गया, जब 18 अगस्त 2025 को उन्हें उद्योग विभाग और NRI विभाग के अलावा सरकार में बेहद अहम माना जाने वाला बिजली विभाग भी दे दिया गया. उस समय कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ETO से बिजली विभाग लेकर अरोड़ा को दिया गया था।

संजीव अरोड़ा को और पावरफुल बनाया गया

वहीं जनवरी 2026 में एक बार फिर पंजाब कैबिनेट में फेरबदल हुआ और इस दरमियान मान सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा का कद और ज्यादा बढ़ गया। इस फेरबदल में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को लोकल बॉडीज विभाग सौंपा गया। पहले यह विभाग कैबिनेट मंत्री डॉ रवजोत के पास था। इस तरह अरोड़ा के पास 3 अहम विभागों (उद्योग, बिजली और अब लोकल बॉडीज) का जिम्मा आ गया और वह पंजाब सरकार में तीसरे सबसे पावरफुल मंत्री बन गए। मतलब संजीव अरोड़ा को विधायक और मंत्री बने अभी बहुत ज्यादा समय नहीं हुआ था कि लगभग 7 महीने में ही अरोड़ा को कैबिनेट के पावरफुल मंत्रियों में जगह दे दी गई।

संजीव अरोड़ा केजरीवाल के करीबी

उद्योग, बिजली और लोकल बॉडीज ये तीनों ही सरकार के अंदर बड़े और अहम विभाग माने जाते हैं और इन तीनों विभागों का एक साथ अरोड़ा के पास रहना। यह दर्शाता है कि मान सरकार में उनका कद कितना बड़ा है। आपको बता दें कि संजीव अरोड़ा AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के काफी करीबी माने जाते हैं। केजरीवाल के साथ-साथ वह सीएम भगवंत मान की भी पसंद हैं। अरोड़ा के मंत्री बनने के पीछे ये भी एक अहम कारण है।