"ग्रेटर नोएडा: उद्यमियों ने ई-नीलामी नीति के विरोध में होली नहीं मनाने का किया ऐलान"
Greater Noida: Entrepreneurs announce not
ग्रेटर नोएडा। उद्यमी संगठन इंडस्ट्रियल एंटरप्रिन्योर्स एसोसिएशन (आइईए) ने प्रदेश सरकार की औद्योगिक भूखंड आवंटन योजना में लागू ई नीलामी नीति का कड़ा विरोध जताया है। संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा है कि इस नीति के विरोध में संगठन इस बार रंगों का त्योहार होली नहीं मनाएगा।
उन्होंने कहा कि ई नीलामी प्रणाली के कारण वास्तविक एवं लघु उद्योग संचालकों को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। इस व्यवस्था से छोटे और मध्यम उद्यमी औद्योगिक भूखंड प्राप्त करने में असमर्थ हो रहे हैं, जिससे औद्योगिक विकास प्रभावित हो रहा है।
नीलामी प्रक्रिया की वजह से निवेशक उच्च बोली लगाकर भूखंड खरीद लेते है और बाद में महंगे दामों पर बेचते हैं या किराए पर दे देते हैं। आज के समय में इतने महंगे दामों पर भूखंड खरीद कर उद्योग लगाना एक सपने जैसा होता जा रहा है।
बैंक बिना कोलेट्रल के छोटे उद्यमियों को लोन नहीं देते, जिससे छोटे उद्यमी उद्योग लगाने के बाद भी उसे चला नहीं पाते। अपनी फैक्ट्री होने से विपरीत परिस्थितियों में भी उद्यमी किराए का बोझ न होने के कारण उबर जाता है लेकिन आज की स्थिति में किराए का बोझ उधमी को उद्योग बंद करने पर विवश कर देता है।
आइईए ने ई नीलामी नीति का विरोध जताते हुए मांग की है कि 2000 वर्गमीटर तक के औद्योगिक भूखंडों का आवंटन ड्रा के माध्यम प्रणाली के माध्यम से किया जाए, ताकि सभी पात्र उद्योगों को समान अवसर मिल सके। साथ ही लंबे समय से किराए पर उद्योग संचालित कर रहे उद्यमियों को भूखंड आवंटन में प्राथमिकता दी जाए।
संस्था इस मुद्दे को करीब पांच वर्षो से उठाती रही है, किंतु अब तक इस पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। सरकार इस नीति के विरोध में आइईए से जुड़े उद्योगों ने आगामी होली पर्व नहीं मनाने का सामूहिक निर्णय लिया है।
एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी के माध्यम से एक पत्र भेज कर ई नीलामी नीति को समाप्त कर ड्रा के माध्यम से आवंटन कराने की मांग करेंगे। इस मौके पर आइईए अध्यक्ष संजीव शर्मा, पूर्व अध्यक्ष पीके तिवारी, उपाध्यक्ष एचएन शुक्ला, गुरदीप सिंह तुली, पीएस मुखर्जी, विवेक चौहान, एमपी शुक्ला और सूर्यकांत तोमर आदि मौजूद रहे।