राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किए बाबा केदार और बदरीविशाल के दर्शन, की व्यवस्थाओं की सराहना

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किए बाबा केदार और बदरीविशाल के दर्शन, की व्यवस्थाओं की सराहना

Governor Gurmit at Badrinath Dham

Governor Gurmit at Badrinath Dham

चमोली: Governor Gurmit at Badrinath Dham: उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शनिवार को भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से धाम में किए जा रहे मास्टर प्लान के कार्यों की जानकारी भी ली.

राज्यपाल गुरमीत सिंह निर्धारित कार्यक्रम के तहत बदरीनाथ धाम पहुंचे. धाम पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने उनका स्वागत किया. इसके बाद वे कार से बदरीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने राज्यपाल का स्वागत किया.

इसके बाद उन्होंने मंदिर में तीर्थयात्री व्यवस्थाओं को देखते हुए सूक्ष्म पूजा-अर्चना की और मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भेंट की. साथ ही मंदिर परिसर में तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली. राज्यपाल ने इस दौरान रिवर फ्रंट और मंदिर परिसर में किए जा रहे मास्टर प्लान के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया. उन्होंने धाम के विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से मुलाकात कर उनके सुझाव सुने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.

राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कार्यों की सराहना की. साथ ही तीर्थयात्रियों के अनुशासन को अनुकरणीय बताया. उन्होंने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन, स्थानीय लोगों और सभी स्टेकहोल्डर्स के सहयोग की प्रशंसा की. उन्होंने धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं से भक्ति भाव और अनुशासन के साथ दर्शन करने और दर्शन व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की. साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों से स्थानीय उत्पादों को यात्रा की स्मृति के रूप में खरीदने का भी आह्वान किया.

राज्यपाल ने बाबा केदार के भी दर्शन किए: वहीं, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शनिवार को श्री केदारनाथ धाम के भी दर्शन किए. इस दौरान उन्होंने बाबा केदार के दिव्य दर्शन कर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि और उत्तराखण्ड के सतत विकास की कामना की. अपने भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने मुख्य रूप से श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किए.

उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके यात्रा अनुभव जाने और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली. श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता एवं दर्शन व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया.