तकनीकी संस्थानों को मजबूत करेगी सरकार, बहुतकनीकी कॉलेजों में भरे जाएंगे शिक्षकों के 60 पद: राजेश धर्माणी
Government to Strengthen Technical
प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री Rajesh Dharmani ने कहा है कि राज्य सरकार बदलती परिस्थितियों के अनुसार बहुतकनीकी कॉलेजों और अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों को सुदृढ़ करने जा रही है। इसके तहत बहुतकनीकी कॉलेजों में शिक्षकों के 60 पद भरे जाएंगे।
बड़ू में बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने कहा कि खेलकूद, एनसीसी, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के बिना शिक्षा अधूरी मानी जाती है। ये गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करती हैं और उनके व्यक्तित्व को नए आयाम देती हैं। उन्होंने कहा कि बहुतकनीकी कॉलेजों में इन गतिविधियों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में स्टूडेंट सेंट्रिक अप्रोच के साथ काम कर रही है। बहुतकनीकी कॉलेजों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने के लिए सार्वजनिक उपक्रमों की नवरत्न कंपनियों और कॉरपोरेट सेक्टर की बड़ी कंपनियों में अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इनोवेशन पॉलिसी शुरू की है, जिसके लिए 2 करोड़ रुपये का विशेष फंड रखा गया है। नए आइडिया पर काम करने वाले युवाओं को इसमें 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। इसके अलावा प्लेसमेंट और मेंटोरशिप के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ जल्द किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने बजट में स्किल अकादमी खोलने की घोषणा की है, जिसमें वर्तमान जरूरतों और भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता, स्वरोजगार और स्टार्टअप को भी बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित कर रही है।
खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए मंत्री ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने तीन वर्ष पहले कार्यभार संभालते ही खिलाड़ियों की डाइट मनी दोगुनी कर दी थी। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए एसी ट्रेन और हवाई यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।