हिमाचल में केरोसिन कोटा तय, LPG की स्थिति पर सरकार ने उठाए कदम
Government Takes Steps Regarding LPG Situation
शिमला। Government Takes Steps Regarding LPG Situation, देशभर में एलपीजी को लेकर चल रही मारामारी के बीच केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए केरोसिन का 4.08 लाख लीटर कोटा तय कर दिया है। पहले कोटा नहीं था अब इसे लोगों की मांग के आधार पर अगले सप्ताह से 60 से 70 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा।
व्यावसायिक सिलिंडर की कमी के कारण होटल और ढाबा मालिकों को जब तक दिक्कत है कैरोसिन के उपयोग की सलाह दी है। हालांकि प्रदेश में केरोसिन का उपयोग न के बराबर हो रहा है।
अब लोगों की मांग के आधार पर राशनकार्ड पर इसे उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रदेश में घरेलू गैस सिलिंडर की कमी नहीं है। हालांकि व्यावसायिक सिलिंडर की कमी है जिसके कारण दिक्कतें आ रही हैं।
प्रतिदिन के आधार पर 3500 व्यावसायिक, जबकि 32 हजार घरेलू गैस सिलिंडर की खपत होती है। केवल शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों के लिए व्यावसायिक सिलिंडर की सप्लाई आई है। बाकी की व्यावसायिक सिलिंडर की कोई सप्लाई नहीं आई।
एलपीजी की ज्यादा कमी नहीं, मुख्य सचिव बात करने के साथ पत्र लिखेंगे
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में एलपीजी की ज्यादा कमी नहीं है। कमी जरूर है, जिससे निपटने के लिए सभी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। व्यावसायिक यूनिट के लिए केंद्र सरकार की तरफ से जितनी गैस मिलेगी, उतनी उपलब्ध करवा दी जाएगी। मुख्य सचिव केंद्र सरकार से बात करने के साथ पत्र लिखेंगे। राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
105 गाड़ियां पहुंचीं
प्रदेश में घरेलू गैस सिलिंडर की 105 गाड़ियों की सप्लाई आई है। एक गाड़ी में 342 सिलिंडर आते हैं। ऐसे में 35,910 सिलिंडर आए। इंडियन आयल की 79, भारत पेट्रोलियम की 15 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 11 गाड़ियां आई हैं।
व्यावसायिक सिलिंडर का 20 प्रतिशत कोटा उपायुक्त मांग के आधार पर देंगे। उनके पास मांग देनी होगी। सोमवार से ये मिलने शुरू हो जाएंगे। केंद्र सरकार ने 4.08 लाख लीटर केरोसिन का कोटा तय किया है। अब राशनकार्ड पर मांग के आधार पर इसे दिया जाएगा। होटल और ढाबे वालों को भी इसका उपयोग करना चाहिए। आठ हजार व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध हैं। - राम कुमार गौतम, निदेशक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग।