पश्चिम एशिया संकट पर सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, शाम 5 बजे होगी चर्चा
Government Calls All-Party
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर केंद्र सरकार ने बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार यह बैठक शाम 5 बजे आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर सकते हैं। बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के भी शामिल होने की संभावना है।
वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह पहले से तय कार्यक्रम के कारण केरल में रहेंगे और बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। विपक्षी दलों ने पश्चिम एशिया की स्थिति और उसके भारत पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान के बाद सर्वदलीय बैठक की मांग की थी।
राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने सात अधिकार संपन्न समूहों का गठन किया है, जो एलपीजी, आवश्यक सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों की आपूर्ति पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।