शर्मनाक! नागालैंड की AIIMS महिला डॉक्टर से छेड़छाड़; यूपी में पीछा कर युवकों ने गलत तरीके से छुआ, गंदे-आपत्तिजनक कमेंट्स किए
Gorakhpur AIIMS Doctor Molested Harassment Racial Comments Incident
Gorakhpur AIIMS Doctor Incident: कितनी शर्म और हैरानी की बात है की अपने ही देश में उत्तर-पूर्वी (नॉर्थ-ईस्ट) लोग नस्लीय दुर्व्यवहार का सामना कर रहे हैं। सिर्फ यही नहीं नॉर्थ-ईस्ट की लड़कियों को तो धंधे वाली लड़कियों के तौर पर उत्तरी राज्यों में ट्रीट किया जा रहा है। वहीं अब उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से जो घटना सामने आई है, उसने मानवता को और शर्मसार कर दिया है। गोरखपुर में AIIMS की एक महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ की गई, उस पर गंदे कमेंट्स किए गए। चूंकि वह नागालैंड की रहने वाली थी तो उस पर आपत्तिजनक नस्लीय कमेंट्स भी किए गए। महिला किसी तरह से इस पूरी घटना में खुद को सुरक्षित बचा पाई।
पीछा कर युवकों ने गलत तरीके से छुआ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोरखपुर AIIMS में कार्यरत नागालैंड की यह महिला डॉक्टर एक मॉल से लौट रही थी, उस दौरान बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया। आरोपी युवक करीब डेढ़ किलोमीटर तक महिला का पीछा करते रहे और इस दौरान आरोपियों ने महिला पर गंदे और आपत्तिजनक कमेंट्स किए। वे नस्लीय तौर पर अपशब्द कह रहे थे। आरोप है कि इसी बीच इन युवकों ने महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता करते हुए उसे गलत तरीके से छुआ और मारपीट की कोशिश की. वो तो गनीमत रही कि डॉक्टर के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। जिसके बाद महिला डॉक्टर ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने कार्रवाई में दिखाई तेजी
पीड़ित महिला डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। जहां घटना के सामने आने के बाद गोरखपुर पुलिस ने कार्रवाई में तेजी दिखाई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सूरज गुप्ता और अमृत विश्वकर्मा के तौर पर हुई है। एक और आरोपी के अभी फरार होने की बात कही जा रही है और उसकी तलाश जारी है। गोरखपुर पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की बात कही है।
बता दें कि, गोरखपुर खुद UP के सीएम योगी आदित्यनाथ का क्षेत्र है और योगी के क्षेत्र इस तरह की घटना कई सवाल खड़े करती है। फिलहाल यह घटना ना केवल गोरखपुर बल्कि पूरे प्रदेश में महिलाओं के सुरक्षा के मुद्दे को फिर से उजागर करती है। महिला डॉक्टर के साथ हुई इस तरह की घटना ने समाज को एक बार फिर झकझोर दिया है। इस घटना को लेकर लोग भी गुस्से में हैं। लोगों का कहना है कि आरोपियों को सज़ा मिलने के साथ-साथ इनकी काउंसलिंग भी होनी चाहिए क्योंकि ऐसे बीमार यही दो नहीं हैं। देश में और भी हैं।
मेघालय CM की कड़ी प्रतिक्रिया
वहीं मेघालय CM ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मेघालय CM ने X पर लिखा है कि "नागालैंड निवासी डॉक्टर के साथ नस्लीय और यौन दुर्व्यवहार बेहद शर्मनाक है। किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना एक सभ्य राष्ट्र के लिए स्वीकार्य नहीं है। वे भी आपकी बहनें और बेटियां हैं। अधिकारियों से आग्रह है कि वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें"। उन्होंने आगे लिखा, ''उत्तर पूर्व की महिलाओं के साथ नस्लीय भेदभाव और यौन उत्पीड़न सिर्फ एक सुर्खी नहीं बनना चाहिए, न ही सनसनीखेज बनाकर भुला दिया जाना चाहिए और हर बार किसी ताजा घटना सामने आने पर ही इसे पुनर्जीवित किया जाना चाहिए।''