टोहाना में गैस एजेंसी पर छापा, रिकॉर्ड न दिखाने पर एजेंसी सील
- By Gaurav --
- Friday, 17 Apr, 2026
Gas Agency Sealed in Tohana After
हरियाणा के टोहाना शहर के डांगरा रोड स्थित एक रसोई गैस एजेंसी पर सीएम फ्लाइंग और फूड सप्लाई विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान एजेंसी मालिक द्वारा जरूरी रिकॉर्ड पेश न किए जाने पर विभाग ने गंभीर अनियमितताएं पाई और एजेंसी को सील कर दिया। मामले की रिपोर्ट जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भेज दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, एजेंसी के खिलाफ लोगों को समय पर गैस सिलेंडर न देने और लापरवाही बरतने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। हाल ही में वार्ड-2 निवासी सतपाल ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को शिकायत भेजकर टोहाना की मुकुल और रसोई गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
फूड सप्लाई विभाग के अधिकारी निर्दोष पुनिया ने बताया कि माया खोबड़ा के नाम से चल रही इस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां मौके पर हवा सिंह मौजूद मिले। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जांच के दौरान गोदाम में 516 खाली सिलेंडर, 17 भरे हुए सिलेंडर, 343 छोटे सिलेंडर और 51 कमर्शियल सिलेंडर पाए गए। रिकॉर्ड उपलब्ध न कराने के चलते विभाग ने एजेंसी को सील कर दिया है।
एजेंसी प्रतिनिधि हवा सिंह ने दावा किया कि स्टाफ के बीमार और पारिवारिक कारणों से अनुपस्थित होने की वजह से दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पूरा स्टॉक रिकॉर्ड विभाग को उपलब्ध करा दिया जाएगा।