गलगोटिया यूनिवर्सिटी का रोबोट विवाद विधानसभा में उठा
Galgotias University robot controversy raised
-
सपा सदस्य इंजीनियर सचिन यादव व पंकज मलिक ने गलगोटिया विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाया
-
यूनिवर्सिटी पर AI Summit में चीनी रोबोट को अपना बताने का आरोप
लखनऊ। नई दिल्ली में चल रहे एआई समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की तरफ से चीनी रोबोट को कथित रूप से अपना डेवलप किया हुआ बताने का प्रकरण उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के नौवें दिन विधानसभा में उठाया गया। समाजवादी पार्टी के सदस्य पंकज मलिक ने इस प्रकरण को उठाया तो विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इसको टाल दिया।
विधान सभा में गुरुवार को सपा सदस्य इंजीनियर सचिन यादव व पंकज मलिक ने गलगोटिया विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाया। इन्होंने कहा कि इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने चीन के उत्पाद को अपना बनाकर पेश किया, इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बगैर जांच-पड़ताल के इस उत्पाद को कैसे समिट में शामिल कर लिया गया। यह न केवल शैक्षणिक पारदर्शिता बल्कि देश की वैज्ञानिक साख से भी जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने सदन में कहा कि चूंकि विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश में संचालित है, इसलिए इसकी जवाबदेही राज्य सरकार के दायरे में आती है। ऐसे में सरकार को इस पूरे मामले पर स्पष्ट स्थिति रखनी चाहिए। अधिष्ठाता मंजू सिवाच ने सपा की इस नोटिस को सरकार के ध्यानाकर्षण के लिए भेज दिया है। चीनी रोबोट को कथित रूप से अपना डेवलप किया हुआ बताने का मुद्दा नियम 56 के तहत विधायक पंकज मलिक ने सदन में उठाया। इसे विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने ये कहकर टाल दिया कि ये समिट प्रदेश सरकार ने नहीं कराई है।
जो इवेंट यूपी में नहीं हुआ उसकी चर्चा नहीं कर सकते
विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने कहा कि इंडिया एआई इंपैक्ट समिट यूपी में नहीं हो रहा है और ना ही इसे हमारी प्रदेश सरकार ने करवाया है। जो इवेंट हुआ वो केंद्र सरकार ने कराया है और वह दिल्ली में हुआ है। विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हो सकती है।
कौन यूनिवर्सिटी क्या कर रही हमें उसकी सूचना नहीं
उन्होंने आगे कहा कि इंडिया एआई इंपैक्ट समिट का इवेंट नोएडा में नहीं हुआ है और कौन सी यूनिवर्सिटी देश में क्या कर रही है इस पर हमारे पास सूचना नहीं है। इस वजह से Galgotias University की तरफ से कथित चीनी रोबोट के इस्तेमाल के आरोप का मामला विधानसभा की चर्चा में शामिल नहीं हो सकता।
गलगोटिया यूनिवर्सिटी का रोबोट विवाद
गौरतलब है कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में AI Impact Summit 2026 आयोजित की गई है, जिसमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों समेत दुनिया के तमाम बड़े लीडर और कंपनी के CEO आए हुए हैं।
इस समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी को भी अपनी इनोवेशन दिखाने का मौका मिला था। लेकिन उनके स्टॉल पर एक ऐसा रोबोट दिखा, जिसके चीन में निर्मित होने का दावा किया जा रहा है।