सड़कों से छतों तक 'योगी-योगी': कानपुर में मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब
From streets to rooftops, chants of "Yogi, Yogi":
कानपुर। From streets to rooftops, chants of "Yogi, Yogi": राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विचार परिवार की समन्वय बैठक में शामिल होने के बाद शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किदवई नगर स्थित विधायक महेश त्रिवेदी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने हाल ही में विवाह बंधन में बंधे विधायक के पुत्र शुभम त्रिवेदी और उनकी पत्नी सोनम को आशीर्वाद दिया। साथ ही उनके सुखद, समृद्ध व मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री सीएसए में बैठक समाप्त होने के बाद हेलीकाप्टर से किदवई नगर स्थित वानिकी प्रशिक्षण संस्थान (एफटीआई) में बनाए गए हेलीपैड पर दोपहर दो बजे उतरे, जहां विधायक महेश त्रिवेदी बुके भेंट करके उनका स्वागत किया। हेलीपैड पर मौजूद पार्टी नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद दोपहर 2:07 बजे सड़क मार्ग से एच-टू ब्लाक किदवई नगर स्थित विधायक महेश त्रिवेदी के आवास पहुंचे। आवास पर उन्होंने परिवारजनों से आत्मीय भेंट की और नवदंपति को बुके के साथ दो उपहार भेंट किए।
वहीं, शुभम त्रिवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें एक जिला एक उत्पाद का उपहार भी दिया, जिसे उन्होंने अपना सौभाग्य बताया। इस दौरान घर में लगी वृंदावन स्थित टटिया धाम के गुरुजी की तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने उनकी आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख किया। साथ ही उनके दर्शन की इच्छा भी जताई।
इसके बाद आवास परिसर स्थित गौशाला में मुख्यमंत्री ने नंदिनी व राधे को अपने हाथों से पूड़ी और गुड़ खिलाकर गौसेवा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने वंदेमातरम् और जयश्रीराम के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आवास की दीवारों पर बनी चित्रकारी की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। आवास से लेकर एफटीआई तक पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल व जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। 15 मिनट तक विधायक के आवास पर रुकने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:22 बजे हेलीकाप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
सीएम की झलक पाने को सड़क से लेकर छतों तक लोगों की भीड़
प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने के लिए सड़क से लेकर छतों तक लोगों की भीड़ देखने को मिली। वानिकी प्रशिक्षण संस्थान में हेलीकाप्टर से जैसे ही मुख्यमंत्री बाहर निकले तो जयश्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। लोगों की आवाज सुनकर मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उनका काफिला निकला तो उन्हें देखने के लिए महिलाएं, बच्चे और पुरुषों छतों में लटके नजर आए। इसके अलावा महिलाएं और बच्चे मोबाइल में उन्हें कैद करते भी नजर आए। सीएम के आने से लेकर जाने तक लोगों की भीड़ सड़क से लेकर छत पर जमा रही।