उत्तर प्रदेश में आयुष्मान कार्डधारकों के लिए सेना क्षेत्र के अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा
Free treatment for Ayushman card holders in Uttar Pradesh
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को नए साल का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। अब प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट (छावनी) अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों को विश्वस्तरीय और मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) जल्द ही प्रदेश के 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ एमओयू (MOU) साइन करने जा रही है। इस पहल से गरीब और जरूरतमंद नागरिकों को सेना क्षेत्र के अस्पतालों की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित होगा।
प्रयागराज मॉडल की सफलता के बाद विस्तार
उत्तर प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं, जिनमें से प्रयागराज में यह प्रयोग पहले से ही सफल रहा है। जनवरी 2026 से प्रयागराज कैंट अस्पताल में कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। इसी की सफलता को देखते हुए योगी सरकार ने अब लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, मेरठ और कानपुर समेत अन्य 12 शहरों के कैंट अस्पतालों को भी इस योजना के दायरे में लाने का निर्णय लिया है।
मुफ्त जांच से लेकर फ्री ट्रांसपोर्ट तक की सौगात
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार, इन अस्पतालों में केवल इलाज ही नहीं बल्कि मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट और मुफ्त जांच की सुविधा भी मिलेगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गंभीर मरीजों के लिए 'पिक एंड ड्रॉप' यानी मुफ्त परिवहन की व्यवस्था की गई है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को अस्पताल तक पहुँचने में कोई बाधा न आए।
पारदर्शी प्रक्रिया और आधुनिक चिकित्सा का संगम
साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि सभी 12 अस्पतालों में प्रक्रियाओं को आयुष्मान योजना के नियमों के अनुरूप ढाला जा रहा है। एमओयू के बाद इन अस्पतालों को सीधे पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल होगी। इससे न केवल मरीजों को उच्च स्तरीय विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी, बल्कि सरकारी अस्पतालों पर बढ़ने वाला अतिरिक्त बोझ भी कम होगा।