हमीरपुर में जाली करेंसी से ठगी, बुजुर्ग दुकानदार को 3200 रुपये का नुकसान
Fraud Using Counterfeit Currency in Hamirpur
हमीरपुर। Fraud Using Counterfeit Currency in Hamirpur, हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोहरडा बाईपास रोड क्षेत्र में एक बुजुर्ग दुकानदार को दो कार सवार जाली करेंसी थमा गए। ठग 200 के बदले 500 के नोट ले गए। उन्होंने बुजुर्ग दुकानदार को अपने जाल में फंसाया और जाली नोट थमाकर चले गए।
74 वर्षीय चुन्नी लाल पुत्र दया राम, निवासी गाथ लोहरडा बाईपास रोड, तहसील व जिला हमीरपुर हिमाचल प्रदेश ने पुलिस थाना सदर हमीरपुर में शिकायत पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
चाय पीने के बाद फंसाया बातों में
शिकायत के अनुसार वीरवार को लगभग दोपहर 2 बजे दो अज्ञात व्यक्ति सफेद रंग की कार में उसकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने पहले उससे चाय बनवाकर पी, इसके बाद उन्होंने कहा कि उनके पास 200-200 रुपये के नोट हैं और वह उन्हें 500 रुपये के नोट दे दें। उनके पास 200 रुपये के नोट काफी अधिक मात्रा में थे।
अगले दिन जांच करने पर खुला राज
उनकी बातों में आकर चुन्नी लाल ने उन्हें 500 रुपये के 12 नोट, कुल 6000 रुपये दे दिए। इसके बदले में आरोपितों ने उसे 200 के 30 नोट दिए, जिन्हें उसने बिना किसी संदेह के दुकान के गल्ले में रख दिया। अगले दिन शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे जब उसने उन नोटों की सावधानीपूर्वक जांच की तो पाया कि 16 नोट पूरी तरह नकली हैं, जबकि 200 रुपये के 14 नोट असली हैं। उनके साथ नकली नोटों के रूप में कुल 3200 रुपये की धोखाधड़ी हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामला सामने आने के बाद चुन्नी लाल ने थाना सदर हमीरपुर में शिकायत देकर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की पहचान व उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।