यूपी में 22 फरवरी को चौथा विशेष मतदाता सूची अभियान आयोजित
Fourth special voter list drive organised in UP
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के क्रम में चार चरणों के विशेष अभियान का चौथा और अंतिम चरण रविवार को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा का ओर से सभी समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने-संशोधन करने के लिए विशेष अभियान रविवार 22 फरवरी को चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत यह चौथा विशेष अभियान चलाने जा रहा है। इस दौरान सभी पोलिंग बूथों पर बीएलओ सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपस्थित मिलेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज नहीं है या जिनकी आयु एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फार्म-6 घोषणा पत्र सहित भरकर बीएलओ को जमा कर दें।
नवदीप रिणवा ने बताया कि एसआइआर मे तहत चल रही दावा एवं आपत्ति की अवधि में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने और सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अब तक 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी को विशेष अभियान आयोजित किए जा चुके हैं। अब रविवार 22 फरवरी को चौथा विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के चार विशेष अभियान दिवस में से अंतिम का आयोजन रविवार 22 फरवरी को किया जाएगा। प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले 11, 18 व 31 जनवरी को विशेष अभियान दिवस आयोजित किये गये थे।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विशेष अभियान दिवस में प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास छह जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में सभी प्रकार के फार्म यथा 6, 6A, 7 एवं 8 उपलब्ध रहेंगे। विशेष अभियान में प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था होगी जहाँ मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को अभियान तिथि की जानकारी देते हुए उनसे सहयोग प्राप्त किया जाएगा। सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं स्वयंसेवकों का भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त विशेष अभियान दिवस के पर्यवेक्षण के लिए समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भ्रमणशील रहते हुए विशेष अभियान को सफल बनाये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने समस्त नागरिकों से अपील की है कि विशेष अभियान दिवस पर अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम छह जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अकिंत नही है अथवा ऐसे सदस्य जिनकी आयु एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो, उनका भी फार्म 6 घोषणा पत्र सहित भरवाकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा दें। इसके अलावा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आलेख्य मतदाता सूची में अंकित अपनी प्रविष्टि में किसी भी त्रुटि को सुधारने के लिए फॉर्म 8 भरा जा सकता है।