पूर्व डिप्टी मेयर व एरिया पार्षद तरुणा मेहता ने सेक्टर 20 की मार्केटों में नई डेकोरेटिव लाइट्स का किया उद्घाटन
Former Deputy Mayor and Area Councillor Taruna Mehta
चंडीगढ़, सेक्टर 20 — पूर्व डिप्टी मेयर एवं एरिया पार्षद तरुणा मेहता ने सेक्टर 20 सी, डी व आजाद मार्केट में नई डेकोरेटिव लाइट्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सेक्टर 20 सी, डी और आजाद मार्केट के दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
इस मौके पर तरुणा मेहता ने कहा कि सेक्टर 20 की मार्केटों में लंबे समय से बेहतर रोशनी की मांग उठाई जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। नई डेकोरेटिव लाइट्स लगने से जहां मार्केट के डार्क स्पॉट खत्म होंगे, वहीं मार्केट की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इन लाइट्स के लगने से दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को अधिक सुरक्षित माहौल मिलेगा और रात के समय किसी भी प्रकार की असुरक्षा की भावना कम होगी।

तरुणा मेहता ने कहा कि मार्केटों की समस्याओं को समझते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मार्केटें केवल व्यापार का केंद्र नहीं हैं, बल्कि स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों का अहम हिस्सा हैं, इसलिए इनका विकास और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने दुकानदारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मार्केट की हर जरूरी मांग को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की कोशिश जारी रहेगी। चाहे वह सफाई व्यवस्था हो, पार्किंग की समस्या, सार्वजनिक सुविधाएं हों या सौंदर्यीकरण के कार्य — हर मुद्दे पर गंभीरता से काम किया जाएगा।

दुकानदारों ने इस कार्य के लिए तरुणा मेहता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य लंबे समय से लंबित था, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र की समस्याओं का समाधान होता रहेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में दुकानदार, स्थानीय निवासी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस विकास कार्य की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।