पंजाब-हरियाणा में बाढ़ का कहर जारी: पंजाब में तीनों बांधों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर, हरियाणा में यमुना किनारे के इलाकों में खतरा
- By Gaurav --
- Friday, 05 Sep, 2025

Flood havoc continues in Punjab-Haryana:
Flood havoc continues in Punjab-Haryana: पंजाब और हरियाणा में बाढ़ की स्थिति विकट बनी हुई है। पंजाब में तीनों प्रमुख बांधों का जलस्तर चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से 14 फीट ऊपर है। भाखड़ा बांध का जलस्तर भी खतरे के निशान से मात्र एक फीट नीचे है।
बांधों की सुरक्षा को देखते हुए भाखड़ा के फ्लड गेट सात फीट से बढ़ाकर 10 फीट तक खोले गए हैं। इससे सतलुज नदी के किनारे बसे रूपनगर, लुधियाना और जालंधर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। तरनतारन के हरिके पत्तन हेडवर्क्स में तटबंध टूटने की आशंका है।
पंजाब में बाढ़ से अब तक 43 लोगों की जान जा चुकी है। 16,85 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 3.84 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। 1.71 लाख हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है।
हरियाणा में भी स्थिति गंभीर है। हथनीकुंड बैराज के फ्लड गेट लगातार चौथे दिन खुले हैं। यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत के यमुना किनारे के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा है।
अंबाला में टांगरी-मारकंडा और बेगना नदियां उफान पर हैं। बाढ़ के कारण अंबाला-रुड़की नेशनल हाईवे-344 आंशिक रूप से बंद है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
वहीं पंजाब के पटियाला, संगरूर और मानसा इलाके से गुजरने वाले घग्गर नदी ने भी लोगों को आफत में डाल दिया है। पटियाला का घनौर इलाका बाढ़ की चपेट में आ गया है। यहां बाढ़ में फंसे 16 लोगों को गुरुवार को बचाया गया।
हिमाचल में गुरुवार को वर्षा के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ। कुल्लू के अखाड़ा बाजार में दूसरे दिन भी भूस्खलन जारी रहा। दो घर इसकी चपेट में आ गए। इससे मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
तीन लोगों को मलबे से निकाल कर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। छह लोग लापता हैं। इनमें पांच लोग जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं। मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर में फंसे 15 हजार श्रद्धालु अब तक सुरक्षित निकाले गए हैं। गुरुवार सुबह हेलीकाप्टर से 29 श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट किया गया। आज दिल्ली, यूपी, हरियाणा, बिहार, झारखंड समेत अन्य कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार