हरियाणा में बाढ़ का कहर जारी: यमुना और मारकंडा नदी खतरे के निशान से ऊपर, 6 जिलों में येलो अलर्ट
- By Gaurav --
- Friday, 05 Sep, 2025

Flood havoc continues in Haryana: Yamuna and Markanda rivers
Flood havoc continues in Haryana: हरियाणा में बारिश और बाढ़ से स्थिति गंभीर बनी हुई है। यमुना, घग्गर, मारकंडा, टांगरी और सहायक नदियां उफान पर हैं। इससे कई गांवों में पानी घुस गया है। खेत और घर जलमग्न हो गए हैं।
हथिनीकुंड बैराज से पिछले 5 दिनों से 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत के यमुना किनारे के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा है। फरीदाबाद में ओखला बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।
कुरुक्षेत्र के जलबेहड़ा में मारकंडा नदी का जलस्तर 5 फुट के खतरे के निशान से बढ़कर 6.7 फुट हो गया है। नदी में 14 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। नैंसी गांव के पास मारकंडा में दरार पड़ने से आसपास के खेतों में पानी भर गया है। शाहाबाद में मारकंडा में 36,622 क्यूसेक पानी का बहाव है।
मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में येलो अलर्ट जारी किया है। इस मानसून में सामान्य से 48% अधिक बारिश दर्ज की गई है। पंचकूला, हिसार, रोहतक और झज्जर में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और फरीदाबाद में आंशिक रूप से स्कूल बंद हैं।
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरूक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बारिश का अलर्ट होने से स्थिति और बिगड़ सकती है।