बेमौसम बारिश का कहर: शाकंभरी खोल में आई बाढ़, कई वाहनों समेत बह गए श्रद्धालु, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत
Havoc of Unseasonal Rains
Havoc of Unseasonal Rains: सहारनपुर के सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात अचानक आई बेमौसम बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शिवालिक पहाड़ियों में हुई तेज बारिश के बाद पहाड़ों से आए तेज पानी के बहाव में कई वाहन बह गए। हादसे के दौरान श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। बाढ़ की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
तेज बहाव में बहे वाहन, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, रात में शिवालिक पहाड़ियों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक पानी का तेज बहाव शाकंभरी क्षेत्र में पहुंच गया। देखते ही देखते पानी ने विकराल रूप ले लिया और कई ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल तथा अन्य वाहन बह गए।
मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु अचानक आई बाढ़ से घबरा गए। क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद की।
महिला का शव एक किलोमीटर दूर मिला
बाढ़ के तेज बहाव में दो महिला बह गईं। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दोनों महिलाओं के शव लगभग एक किलोमीटर दूर भूरादेव मंदिर के पास बरामद किया गया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रशासन ने शुरू कराया राहत एवं बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार विजय कुमार, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह तथा कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस और प्रशासन की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से प्रभावित श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और पहाड़ी क्षेत्रों के पास जाने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।