यूपी में खुलेंगे पांच नए इंटीग्रेटेड आयुष मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

यूपी में खुलेंगे पांच नए इंटीग्रेटेड आयुष मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

1000222520

Five new integrated AYUSH medical colleges will open in UP

लखनऊ। प्रदेश सरकार पांच जिलों में इन्टीग्रेटेड आयुष मेडिकल कॉलेज खोलेगी। जिसके लिए राज्य सरकार ने आयुष विभाग को जमीन उपलब्ध करा दी है। 60-60 बिस्तरों वाले इन कालेजों के लिए डॉक्टर, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ के नये पदों के प्रस्ताव तैयार हो गया है। जिसे जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। कॉलेजों के शुरू होने से नागरिकों की चिकित्सा सुविधा बेहतर होगी। कुछ अरसे में आयुष की पढ़ाई के लिए सीटों में इजाफा हो जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ, आगरा, गोंडा, बस्ती और मीरजापुर में इंटीग्रेटेड आयुष मेडिकल की स्थापना का ऐलान किया था। जिसके लिए जिलाधिकारियों ने आवश्यक जमीन आयुष महकमे को उपलब्ध करा दी है। लोक निर्माण विभाग ने परीक्षण के बाद जमीन को निर्माण योग्य घोषित कर दिया है। निर्माण में खर्च का प्राक्कलन वित्त विभाग को भेजा जा चुका है। जिसे जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।


क्या होता है इन्टीग्रेटेड मेडिकल कॉलेज?


जहां एक छत के नीचे होम्योपैथी, आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सा पद्धति से पढ़ाई और रोगियों का इलाज भी होता है, उसे इंटीग्रेटेड आयुष मेडिकल कालेज कहा जाता है। उत्तर प्रदेश में पहली बार इस तरह के कालेज बनने जा रहे हैं। पहले चरण में प्रत्येक कालेज में आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी विधा से इलाज कराने वाले 20-20 मरीजों को भर्ती करने की सुविधा होगी। यानी एक छत के नीचे 60 बिस्तरों वाला मेडिकल कालेज होगा। आयुष विभाग के शीर्ष अधिकारियों का कहना है कि सरकार विधानसभा चुनाव से पहले इन कालेजों में कम से कम ओपीडी ( वाह्य रोगी विभाग) शुरू कर देना चाहती है। इसलिये ओपीडी भवन का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।


बरेली में जल्द शुरू होगा यूनानी कॉलेज?


बरेली में राजकीय यूनानी कालेज एवं चिकित्सालय जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। निर्माण एजेंसी ने कालेज भवन आयुष महकमे को उपलब्ध करा दिया है। इसके कालेज को संचालित करने के लिए 316 नये पदों को भरने की मंजूरी मिल गयी है। जल्द ही नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यूनानी के निदेशक जमाल अख्तर का कहना है कि बरेली का चिकित्सालय बहुत जल्द शुरू कर दिया जाएगा।