बिहार के पांच IPS अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा हैदराबाद
Five IPS officers from Bihar
पटना। Five IPS officers from Bihar will be sent to Hyderabad, बिहार पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रोन्नत हुए पांच अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी भेजा जाएगा।
इन अधिकारियों में एसटीएफ के एसपी अंजनी कुमार, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 के समादेष्टा राजेश कुमार, बगहा के एसपी रामानंद कुमार कौशल, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13, दरभंगा के समादेष्टा रबिश कुमार तथा सारण के ग्रामीण एसपी संजय कुमार शामिल हैं।
6 अप्रैल से 15 मई तक चलेगा कोर्स
ये सभी अधिकारी 6 अप्रैल से 15 मई तक आयोजित होने वाले 48वें इंडक्शन कोर्स में भाग लेंगे। गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। साथ ही, इन पदों पर प्रतिस्थानी अधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी गई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, बगहा के एसपी का अतिरिक्त प्रभार बिहार स्वाभिमान विशेष सशस्त्र पुलिस, बगहा के समादेष्टा को सौंपा गया है।
वहीं, दरभंगा के सिटी एसपी को बीएसएपी-13 का समादेष्टा बनाया गया है। इसके अलावा, छपरा के एएसपी को सारण के ग्रामीण एसपी के पद पर नियुक्त किया गया है।
दो प्रशासनिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
बिहार प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी की।
पदस्थापना की प्रतीक्षा में रहे उप सचिव स्तर के अधिकारी संजय कुमार को सिविल विमानन विभाग में उप सचिव के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, अर्चना कुमारी यादव को उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव के रूप में पदस्थापित किया गया है।