Fire Spreads Across Villages,

पिहोवा में आग का कहर, कई किसानों की फसल बर्बाद

pp

Fire Spreads Across Villages,

कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में खड़ी पकी गेहूं की फसल में आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। गढ़ी सिंघा गांव से शुरू हुई आग तेज हवा के चलते भौर सैयदां गांव तक फैल गई, जिससे करीब 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक खेत में कंबाइन हार्वेस्टर से कटाई के दौरान निकली चिंगारी से हुई। यह चिंगारी हवा के साथ उड़कर पास की सूखी फसल में जा गिरी, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

इस हादसे में गढ़ी सिंघा गांव के किसान हरदीप सिंह की लगभग 7 एकड़, चंदन सिंह की 4 एकड़ और भौर सैयदां गांव के अजीत सिंह की करीब 4 एकड़ फसल जलकर नष्ट हो गई।

घटना के दौरान किसानों की सूझबूझ से आग को और फैलने से रोका जा सका। आसपास के किसानों ने ट्रैक्टरों से खेत जोतकर आग की रफ्तार पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पीड़ित किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है और कहा है कि ऐसे मामलों में क्षतिपूर्ति पोर्टल के जरिए तुरंत राहत दी जानी चाहिए।