FIR Against 27 in UP's Balrampur Over

बलरामपुर में 27 लोगों पर दोहरी नागरिकता का मामला दर्ज, भारत-नेपाल दोनों देशों के दस्तावेज मिलने का आरोप

fod

FIR Against 27 in UP's Balrampur Over

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में भारत और नेपाल दोनों देशों के पहचान संबंधी दस्तावेज रखने के आरोप में 27 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि इन लोगों ने कथित रूप से भारतीय दस्तावेज बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त किया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी की शिकायत के बाद कराई गई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जांच में सामने आया कि नेपाल के डांग जिले के कोईलाबास क्षेत्र के कुछ लोगों ने बलरामपुर के बालापुर (अनवरडीह), शीतलापुर रिजवान गली और तुलसीपुर क्षेत्र का निवासी दिखाकर आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और अन्य भारतीय दस्तावेज तैयार कराए।

प्रारंभिक जांच में यह भी पाया गया कि जिन 27 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनके नाम भारत और नेपाल, दोनों देशों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं। इसके अलावा, भारतीय दस्तावेजों के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के भी आरोप सामने आए हैं।

जांच के दौरान अन्य गंभीर तथ्य भी सामने आए। पुलिस के मुताबिक, सूची में शामिल अब्दुल रहमान पुत्र कल्लू ग्राम बालापुर (अनवरडीह) में निवास नहीं करता, जबकि अब्दुल अजीज सिद्दीकी की कुछ महीने पहले मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद दोनों के नाम विभिन्न सरकारी अभिलेखों में दर्ज पाए गए।

एसपी ने कहा कि मामला फर्जी पहचान, दस्तावेजों के कथित दुरुपयोग और सरकारी रिकॉर्ड में गलत जानकारी दर्ज कराने से जुड़ा है। थाना जरवा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है और संबंधित विभागों से रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।