Final Trial of Hydrogen Train Successful on

हरियाणा में हाइड्रोजन ट्रेन का अंतिम ट्रायल सफल, जल्द शुरू हो सकता है नियमित संचालन

pp

Final Trial of Hydrogen Train Successful on

हरियाणा में बहुप्रतीक्षित हाइड्रोजन ट्रेन के ट्रायल अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। Jind Junction से Sonipat Junction के बीच 5वां और अंतिम रनिंग ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अब ट्रेन का अंतिम परीक्षण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष किया जाएगा, जिसके बाद नियमित संचालन के लिए Ministry of Railways से स्वीकृति ली जाएगी।

अपने अंतिम ट्रायल के दौरान ट्रेन सुबह करीब 10:20 बजे जींद जंक्शन से रवाना हुई और लगभग 12:45 बजे सोनीपत जंक्शन पहुंची। वहां 15 मिनट के निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन वापस जींद के लिए रवाना हुई और करीब 3:45 बजे दोबारा जींद पहुंच गई

ट्रायल के दौरान जींद–सोनीपत रेलखंड के हर स्टेशन पर ट्रेन को 1 से 2 मिनट के लिए रोका गया, ताकि विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की जा सके। पिछले दो सप्ताह में इस रूट पर कुल पांच प्रदर्शन ट्रायल किए गए हैं। अब केवल अंतिम सेफ्टी चेक बाकी है, जिसके बाद ट्रेन को नियमित रूप से ट्रैक पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

इससे पहले 16 से 20 मार्च के बीच तीन ट्रायल किए गए थे। इनमें 16 और 18 मार्च को दो-दो चक्कर लगाए गए, जबकि 20 मार्च को एक ही रन किया गया था। इस दौरान प्लांट के इलेक्ट्रोलाइजर में आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रायल कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था और बाहरी स्रोत से हाइड्रोजन गैस मंगवानी पड़ी थी। हालांकि अब इस खामी को दूर कर लिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार हालिया ट्रायल के दौरान ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई। यदि सभी सुरक्षा और तकनीकी परीक्षण सफल रहते हैं, तो जल्द ही हाइड्रोजन ट्रेन को यात्रियों के लिए शुरू किया जा सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू होने से पर्यावरण के अनुकूल और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और यह भारतीय रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।