रिश्तों के विवाद में कांग्रेसी नेता के भतीजे ने की फायरिंग
- By Gaurav --
- Sunday, 12 Apr, 2026
Family Dispute Turns Violent
पटियाला के नजदीकी गांव लचकाणी में बीती रात गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में मार्केट कमेटी पटियाला के कर्मचारी नवकिरण सिंह बनी खरोड़ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गोली उनके दिल के पास से गुजरने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें तुरंत परिजनों द्वारा पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के अनुसार, यह घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई। नवकिरण सिंह की माता सुरिंदर कौर और मासी मनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि उनकी बहू के एक कांग्रेसी नेता के भतीजे के साथ संबंध थे, जिसे लेकर घर में पहले भी विवाद होता रहा था।
बताया गया कि विवाद के दौरान बहू ने उस युवक को फोन कर बुला लिया। इसके बाद आरोपी घर पहुंचा, जहां उसकी नवकिरण सिंह के साथ कहासुनी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी ने पिस्तौल निकालकर नवकिरण सिंह पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बख्शीवाला पुलिस हरकत में आई। एसएचओ सुखदेव सिंह के अनुसार, घायल के बयान दर्ज करने के लिए टीम भेजी गई है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।