संभल में तमन्ना मलिक के नाम पर फर्जी अकाउंट का खुलासा, दंपती करेगा पुलिस से शिकायत
Fake account in the name of Tamanna Malik
संभल। फाल्गुन कांवड़ यात्रा में हरिद्वार से कांवड़ लाकर चर्चित बनीं मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी के नाम पर इंटरनेट मीडिया पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। कुछ लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर अपने फालोवर्स बढ़ने की मंशा से उनके नाम और फोटो के साथ फर्जी अकाउंट बनाए लिए हैं। जो, उनकी वीडियो को शेयर करने में लगे हुए हैं। ऐसे में अब इस दंपती ने मामले को जल्द ही पुलिस के समझ उठाने की तैयारी की है।
बता दें कि तमन्ना मलिक और अमन त्यागी को पूर्व में जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। जिसमें इन्होंने असमोली थाने में केस भी दर्ज करवा रखा है। असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर वसई के अमन त्यागी और मुस्लिम युवती तमन्ना मलिक ने करीब साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह (कोर्ट मैरिज) किया था। ग्रामीणों के विरोध की वजह से दोनों करीब एक साल बाहर भी रहे।
बच्चों की मुराद पूरी होने पर उठाई थी कांवड़
मामला शांत होने पर फिर गांव में ही आकर रहने लगे। इस बीच तमन्ना ने अपना नाम तुलसी रख लिया। उसने दो बेटों को जन्म दिया। दो वर्षीय बड़ा बेटा आर्यन और छोटा एक वर्षीय दक्ष है। प्रेम विवाह और बच्चों की मुराद पूरी होने पर तुलसी पति संग 10 फरवरी को हरिद्वार से जल लेने गईं थी और 11 फरवरी को हरिद्वार में गंगा में गोता लगाया और बोल बम के साथ कंधे पर खड़ी कांवड़ लेकर मंजिल की ओर बढ़ी थी।
बुर्के में कांवड़ लेकर आस्था की डगर पर चली तमन्ना मलिक एक ही दिन में पूरे देश में छा गई थी। एक तरफ जहां मुस्लिम संप्रदाय के लोग इस बात की आलोचना कर रहे थे जबकि हिंदू पक्ष के लोग उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने में लगे हुए थे। 15 फरवरी को तमन्ना मलिक ने सुरक्षा के घेरे में संभल के शिवालय क्षेमनार्थ पर पहुंचकर जलाभिषेक किया था।
मीडिया से कमाई के लिए बना रहे फर्जी अकाउंट
इसके बाद से तमन्ना मलिक को लगातार धमकियां मिलने लगीं तो मामला थाने में भी दर्ज कराया गया। इसके बाद अब उनके नाम के साथ फर्जीवाड़ा का खेल शुरू हुआ है। तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने बताया कि फेसबुक और इंटाग्राम पर उन दोनों नाम पर कई फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं। जो उन्हीं के वीडियो और फोटो अपलाेड कर लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।
यह सब कार्य इंटरनेट मीडिया से कमाई और फालोवर्स बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक वह पांच से सात फर्जी अकाउंट देख चुके हैं। अमन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के बाद तमन्ना मलिक और अमन त्यागी ने भी अपना एक अकाउंट बनाया है। जिसका नाम तमन्ना मलिक-अमन त्यागी ऑफिसियल है और उस पर 13 हजार 900 फालाेवर्स हैं। पांच लोगों को इधर से फालो किया गया है।
अभी इस मामले की कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। पूर्व में धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी जांच चल रही है। बाकी फर्जी अकाउंट के मामले में अगर, कोई पत्र मिलता है तो जांच कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप सिंह, सीओ, असमोली।