"बाहरी दखल मंजूर नहीं": टाटा के मंच से सीएम योगी का कड़ा संदेश, उद्योगों को 'साजिश' से बचाने का संकल्प
"External Interference Will Not Be Tolerated"
लखनऊ में टाटा मोटर्स के कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ बोले, फैक्ट्रियों के कामकाज में बाहरी दखल मंजूर नहीं
श्रमिकों के हिंसा में शामिल होने को मुख्यमंत्री पहले भी बता चुके हैं साजिश का संकेत
लखनऊ। "External Interference Will Not Be Tolerated", मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में टाटा समूह के कार्यक्रम में नोएडा में फैक्ट्री कर्मियों के हिंसात्मक होने के घटनाक्रम की पृष्ठभूमि को सभी के सामने रख दिया। उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि बाहरी दखल से औद्योगिक प्रगति बाधित होती है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों की ओर इशारा किय और कहा कि बिगाड़ने वाले बहुत आएंगे, लेकिन बनाने वाले और आगे बढ़ाने वाले कम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बाहरी तत्वों को समूह या प्लांट के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अनुमति नहीं है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाहरी हस्तक्षेप से बचकर प्रगति की ओर बढ़ें। टीमवर्क, ईमानदारी और कृतज्ञता ही सफलता की कुंजी है। सीएम योगी आदित्यनाथ पहले भी श्रमिकों की हिंसा में साजिश का संकेत दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 34 वर्षों की यह यात्रा “टाटा के ट्रस्ट” और उत्तर प्रदेश की बदलती कार्यसंस्कृति, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर व निवेश अनुकूल माहौल का प्रमाण है। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने केवल औद्योगिक उपलब्धियों की बात नहीं की, बल्कि कार्यसंस्कृति के मूल मंत्र को भी प्रमुखता से सामने रखा। उन्होंने कहा कि किसी भी समूह या संस्थान की सफलता का आधार टीमवर्क, कृतज्ञता और ईमानदारी है। हर कार्मिक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करना चाहिए, क्योंकि यही भाव लंबे समय में व्यक्तिगत और संस्थागत प्रगति सुनिश्चित करता है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए बाहरी हस्तक्षेप से बचना बेहद आवश्यक है। उन्होंने चेताया कि बिगाड़ने वाले बहुत मिलते हैं, लेकिन बनाने वाले बहुत कम होते हैं। इसी कारण हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह संगठन को परिवार की तरह समझे, उसकी एकता और विश्वास को बनाए रखे तथा सकारात्मक कार्यसंस्कृति को आगे बढ़ाए।
कृतज्ञता का भाव आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए कृतज्ञता का भाव आवश्यक है। यह समझना जरूरी है कि किस समूह के कारण हम आगे बढ़ रहे हैं और जो देश के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है। हर कार्मिक को टीमवर्क, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए, क्योंकि यही भाव दीर्घकालिक सफलता का आधार बनता है। किसी भी स्थिति में बाहरी तत्वों को समूह या प्लांट के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने टाटा ग्रुप की कार्यसंस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समूह अपने कार्मिकों के साथ परिवार जैसा संबंध रखता है, और इसी पारिवारिक भावना को बनाए रखते हुए संगठन को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
प्रदेश की ऐतिहासिक उड़ान का लॉन्च पैड
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह क्षण हम सभी के लिए गर्व और प्रसन्नता का प्रतीक है, जब 34 वर्षों की गौरवशाली यात्रा तय करते हुए टाटा मोटर्स ने लखनऊ प्लांट से 10 लाखवीं बस को लॉन्च किया। यह उपलब्धि केवल एक इंडस्ट्रियल रिवॉल्यूशन मात्र नहीं है, बल्कि यह उस ऐतिहासिक उड़ान का लॉन्च पैड है जो भारत को और भारत की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित कर रही है। यह ‘माइलस्टोन मोमेंट’ नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की उस उड़ान का प्रतीक है, जो रुकने के लिए नहीं, बल्कि निरंतर ऊंचाइयों को छूते हुए विकास, विश्वास और खुशहाली को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश का मजबूत केंद्र बना UP
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट, खराब कनेक्टिविटी और सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा था, जहां सड़क और गड्ढे में अंतर करना तक मुश्किल होता था और निवेशक आने से हिचकते थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज प्रदेश ने एक नई दिशा प्राप्त की है, जहां बेहतर कानून-व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ने विकास की मजबूत नींव रखी है। प्रदेश आज औद्योगिक प्रगति की नई दिशा देते हुए निवेश और उत्पादन के लिए एक आकर्षक केंद्र बन रहा है।
टाटा मतलब ट्रस्ट-करोड़ों लोगों का अनुभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि बचपन से लेकर आज तक टाटा की बस और अन्य भारी वाहनों के माध्यम से लोगों की यात्राओं व आवश्यकताओं की पूर्ति को हर भारतीय ने देखा और महसूस किया है। चाहे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सामान पहुंचाना हो या रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना, टाटा हमेशा भरोसे के साथ खड़ा रहा है। यही कारण है कि टाटा ग्रुप आज देश में अटूट विश्वास का प्रतीक बन चुका है। “टाटा मतलब ट्रस्ट” केवल एक धारणा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों का अनुभव है। अपने संस्थापकों की विरासत, मजबूत नेतृत्व और कर्मियों की मेहनत ने इस विश्वास को और सुदृढ़ किया है, जो भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में भी महसूस किया जाता है। यह भरोसा उस टीमवर्क का परिणाम है, जिसने टाटा को हर स्तर पर गुणवत्ता, विश्वसनीयता और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक के रूप में स्थापित किया है। टाटा ग्रुप का नाम देश में भरोसे, गुणवत्ता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक योगदान का पर्याय बन चुका है, जिसके प्रति आमजन के मन में स्वाभाविक सम्मान है। घड़ी की सुई से लेकर जहाज निर्माण तक, नमक से लेकर नेटवर्किंग, स्टील से लेकर सॉफ्टवेयर तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, रक्षा, वाहन और आतिथ्य जैसे विविध क्षेत्रों में टाटा समूह ने भारत को सशक्त बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उत्तर प्रदेश के साथ इसकी साझेदारी केवल निवेश तक सीमित नहीं, बल्कि यह विश्वास और विकास का मजबूत आधार है, जो नए भारत के नए उत्तर प्रदेश को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
रोजगार और स्किल डेवलपमेंट का प्रमुख केंद्र बना प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरक्षा और सुविधाओं के बल पर टाटा मोटर्स का लखनऊ प्लांट 34 वर्षों में निरंतर विकसित होकर नई सोच, निवेश और तकनीकी प्रगति का उत्कृष्ट उदाहरण बना है, जहां डीजल से सीएनजी और अब इलेक्ट्रिक व्हीकल व डिफेंस ट्रकों तक का विस्तार भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बदलाव को दर्शाता है।
10 लाखवीं बस, 200 किमी रेंज जैसी आधुनिक तकनीक पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा दे रही है। 5600 से अधिक कार्मिकों के साथ यह संयंत्र रोजगार और स्किल डेवलपमेंट का प्रमुख केंद्र बनकर ‘लक्ष्य’ प्रोग्राम के तहत युवाओं को अवसर प्रदान कर रहा है। रतन टाटा की परिकल्पना से स्थापित यह प्लांट लगभग 6000 परिवारों की आजीविका का आधार बन चुका है और लाखों लोगों को रोजगार से जोड़ चुका है।