12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव, NDA और विपक्ष के बीच कांटे की टक्कर

12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव, NDA और विपक्ष के बीच कांटे की टक्कर

1000224561

Elections for 26 Rajya Sabha seats in 12 states

नई दिल्ली। देश के 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। इन चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को एक सीट का नुकसान हो सकता है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष को तीन सीटों का फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इन सीटों पर चुनाव मौजूदा सदस्यों के रिटायर होने के कारण हो रहे हैं। रिटायर होने वालों में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह और जॉर्ज कुरियन शामिल हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून होगी। 26 सीटों में फिलहाल एनडीए के पास 18 सीटें, कांग्रेस के पास चार सीटें, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पास एक और वाईएसआरसीपी के पास तीन सीटें हैं।

किन राज्यों में होंगे चुनाव?

राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों पर होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। झारखंड में दो सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर भी चुनाव होंगे। महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा।

माना जा रहा है कि इन चुनावों में एनडीए को 17 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को पांच सीटें मिलने की संभावना है। झामुमो को दो और तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को एक सीट मिलने के आसार बताए जा रहे हैं।

राजस्थान और कर्नाटक पर खास नजर

राजस्थान की तीन सीटों में भाजपा के दो और कांग्रेस के एक सीट जीतने की संभावना है। राजस्थान विधानसभा में भाजपा के 118 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 67 विधायक हैं। बाकी सीटें अन्य दलों और निर्दलीयों के पास हैं।

कर्नाटक में कांग्रेस को तीन सीटें और भाजपा को एक सीट मिलने का अनुमान है। वहीं आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी चारों सीटें जीत सकती है, जबकि गुजरात में भाजपा के सभी चार सीटें जीतने की संभावना जताई गई है। झारखंड में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन दोनों सीटें जीत सकता है, हालांकि भाजपा क्रॉस वोटिंग के सहारे एक सीट जीतने की कोशिश कर सकती है।

राज्यसभा में क्या है मौजूदा स्थिति?

फिलहाल 244 सदस्यीय राज्यसभा में एनडीए के पास 149 सांसद हैं। विपक्ष के पास 78 सांसद हैं, जबकि क्षेत्रीय दलों के 17 सदस्य हैं। चुनाव आयोग ने अलग से महाराष्ट्र और तमिलनाडु की खाली सीटों के लिए उपचुनाव की भी घोषणा की है।

महाराष्ट्र में एनसीपी की सुनेत्रा पवार और तमिलनाडु में एआईएडीएमके के सी. वे शन्मुगम के इस्तीफे के बाद ये सीटें खाली हुई थीं। महाराष्ट्र की सीट पर एनडीए के जीतने की संभावना है, जबकि तमिलनाडु की सीट टीवीके के खाते में जा सकती है।