उत्तराखंड में चुनावी माहौल गरमाया, हरीश रावत ने लगाया आरोप- सत्ता पक्ष कर रहा “साम-दाम-दंड-भेद” का इस्तेमाल

उत्तराखंड में चुनावी माहौल गरमाया, हरीश रावत ने लगाया आरोप- सत्ता पक्ष कर रहा “साम-दाम-दंड-भेद” का इस्तेमाल

1000212119

Election atmosphere heats up in Uttarakhand, Harish Rawat

देहरादून। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में सत्तारूढ़ दल भी आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद का उपयोग कर रहा है। ऐसे में उत्तराखंड को भी सावधान रहने की जरूरत है।

उन्होंंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र के समक्ष खतरों का मुकाबला करने के लिए इंडी गठबंधन के सहयोगियों की मदद ली जाएगी। इसी कड़ी में हरदा ने बुधवार को इंडी गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं के साथ संवाद भी किया।

कोर्ट रोड पर आयोजित संवाद कार्यक्रम से पहले पत्रकारों से बातचीत में पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि वर्तमान समय अनेक चुनौतियों से भरा है। यह चुनौतियां लोकतंत्र सहित उन बुनियादी सवालों को लेकर है, जिन पर देश का संविधान खड़ा है।

समान विचार बनाना होगा

उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और आजादी के मूल सिद्धांतों की रक्षा को लेकर जो भी दल एक राय रखते हैं, उन्हें मिलकर कार्य करने की जरूरत है। इसी क्रम में उन्होंने इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ संवाद का क्रम शुरू किया है। इसके लिए उत्तराखंड में संघर्ष के रास्ते जनता की लड़ाई लडऩे वाली पार्टियों को समान विचार बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि वह संवाद की इस श्रृंखला को राज्य में तेजी से आगे बढ़ाएंगे। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व को भी इस बारे में सूचित कर रहे हैं। एक प्रश्न पर उन्हेांने कहा कि ठगी प्रकरण सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि ठगी प्रकरण में पुलिस को तह तक जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में कहीं केाई गुटबाजी नहीं है।

इसके बाद हरदा ने इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ संवाद में देश व राज्य के सम्मुख चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए रणनीति बनाने पर मंथन किया। संवाद में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डा एनएस सचान, भाकपा नेता समर भंडारी, भाकपा माले के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी के अलावा जगदीश कुकरेती, हरवीर कुशवाहा, सोहन सिंह रजवार, संजय शर्मा, मोहन सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे।