हमीरपुर: सांड के हमले में घायल बुजुर्ग महिला की मौत; 4 महीने से चल रहा था इलाज
Elderly Woman Injured in Bull Attack Dies
जाहू (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में सांड के हमले में घायल बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत पंचायत धीरड़ के गांव भोगों की रहने वाली सत्या देवी सांड के हमले में घायल हो गई थी। वह चार माह से उपचारधीन थीं, सुधार न होने पर परिवार के सदस्य एक सप्ताह पहले उन्हें घर ले आए थे। यहां शुक्रवार शाम को उनकी मृत्यु हो गई।
धूप सेकते समय किया था जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार 19 नवंबर 2025 को सत्या देवी घर के आंगन में धूप सेक रही थीं। इसी दौरान अचानक एक लावारिस पशु ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें छुड़ाया और तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत में चंडीगढ़ ले जाया गया
उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे इलाज के लिए चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां उनका लंबे समय तक इलाज चलता रहा। करीब चार माह तक उपचार के बाद लगभग एक सप्ताह पहले उन्हें घर लाया गया था, लेकिन उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। अंततः 13 मार्च को उन्होंने दम तोड़ दिया।
लोगों में आक्रोश
सत्या देवी के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही लावारिस पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।