Elderly Man Killed in Cylinder

सिलेंडर ब्लास्ट से कमरे में लगी आग, 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

pp

Elderly Man Killed in Cylinder

तहसील कैंप क्षेत्र के राम नगर में एक दर्दनाक हादसे में गैस सिलेंडर फटने से कमरे में आग लग गई, जिसमें 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब कमरे में मौजूद व्यक्ति चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जला रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे पूरे कमरे में आग फैल गई और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान सोमपाल निवासी राम नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कमरा नसीम ने किराए पर लिया हुआ था और वह अपने साथी सोमपाल को चाय पिलाने के लिए घर लाया था। दोनों कबाड़ का काम करते थे।

विस्फोट के बाद सोमपाल आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया, जबकि नसीम गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा गैस रिसाव के कारण हुआ।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।